Dhanbad Weather Latest Updates: जवाद के कमजोर पड़ने से टला भारी बारिश का खतरा, आसमान में दिनभर छाए रहेंगे बादल; सोमवार को ऐसा रहेगा माैसम

Dhanbad Weather Latest Updates साउदी अरब के तूफान जवाद को लेकर आम लोगों की चिंता बढ़ी हुई थी। इसका प्रभाव धनबाद समेत पूरे झारखंड में पड़ने की बात कही जा रही थी। माैसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी थी। अब तूफान कमजोर पड़ गया है।

By MritunjayEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 04:37 AM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 05:44 AM (IST)
Dhanbad Weather Latest Updates: जवाद के कमजोर पड़ने से टला भारी बारिश का खतरा, आसमान में दिनभर छाए रहेंगे बादल; सोमवार को ऐसा रहेगा माैसम
ठंड बढ़ने के साथ-साथ धनबाद में सुबह-सुबह छा रहा कोहरा ( फोटो जागरण)।

जागरण संवाददाता धनबाद। चक्रवाती तूफान जवाद कमजोर पड़ गया है। यह राहत की बात है। इसके कमजोर पड़ने से धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, हजारीबाग, रामगढ़ समेत पूरे झारखंड में भारी बारिश का खतरा टल गया है। हालांकि शनिवार की तरह आज रविवार को भी दिन भर आसमान में बादर छाए रहेंगे। बारिश की संभावना नहीं है। 6 दिसंबर की सुबह हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 7 दिसंबर से मौसम साफ हो जाएगा। बादल हटते ही कड़ाके की ठंड शुरू होगी। मौसम विभाग ने इसके संकेत दे दिए हैं।

पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में होगी बारिश

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि शनिवार की देर रात तक चक्रवात डिप्रेशन में बदल गया। रविवार को ओडिशा पहुंचने के बाद बंगाल की ओर बढ़ेगा। ओडिशा के तटीय हिस्सों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के तटीय हिस्से वाले कई जिलों में बारिश होगी। झारखंड में भी इसका प्रभाव रहेगा और इससे सटे झारखंड वाले हिस्से में बारिश होगी। अन्य हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। पर अब भारी बारिश की संभावना खत्म हो गई है।

आंध्र प्रदेश में होगी तबाही

दूसरी ओर, मानसून के अध्ययनकर्ता डॉ एसपी यादव का कहना है कि साउदी अरब के चक्रवात जवाद के दो टुकड़ों में बढ़ जाने से अब ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड पर इसका असर पहले जैसा नहीं रहेगा। इसका ज्यादा ताकतवर हिस्सा आंध्र प्रदेश की ओर चला गया है। इस वजह से आंध्र प्रदेश में भारी बारिश होगी। पर ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में पहले की तुलना में अब असर कम होगा।

धनबाद में हल्की बारिश

धनबाद की बात करें तो धनबाद से तकरीबन 100 किलोमीटर दूर से डिप्रेशन गुजरेगा जिससे यहां हल्की बारिश हो सकती है। पहले 5 दिसंबर को पूरे दिन बारिश की संभावना बन रही थी। पर चक्रवात के दो हिस्से में बंट जाने से अब इसकी संभावना नहीं है। 5 दिसंबर को आसमान में घने बादल छाए रह सकते हैं। पर बारिश की संभावना नहीं है। 6 दिसंबर की सुबह हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है।

chat bot
आपका साथी