15वीं शताब्दी से पोद्दारडीह राजबाड़ी में चलती आ रही दुर्गा पूजा मनाने की परंपरा

संजय सिंह निरसा निरसा के पोद्दारडीह राजबाड़ी दुर्गा मंडप में 15वीं शताब्दी से दुर्गोत्सव मनान

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Sep 2021 06:46 AM (IST) Updated:Wed, 29 Sep 2021 06:46 AM (IST)
15वीं शताब्दी से पोद्दारडीह राजबाड़ी में चलती आ रही दुर्गा पूजा मनाने की परंपरा
15वीं शताब्दी से पोद्दारडीह राजबाड़ी में चलती आ रही दुर्गा पूजा मनाने की परंपरा

संजय सिंह, निरसा : निरसा के पोद्दारडीह राजबाड़ी दुर्गा मंडप में 15वीं शताब्दी से दुर्गोत्सव मनाने की परंपरा है। पहले पांड्रा पोद्दारडीह राजपरिवार द्वारा दुर्गोत्सव मनाया जाता था, लेकिन वर्ष 1970 के बाद पूजा को सार्वजनिक कर दिया गया है। वर्तमान समय में राजपरिवार के साथ स्थानीय लोग मिलकर राजबाड़ी में दुर्गोत्सव मनाते हैं। हालांकि, दुर्गा पूजा का संकल्प सबसे पहले राज परिवार के सदस्य करते हैं। राजपरिवार के सदस्य विजय कुमार सिंह ने बताया कि 14वीं शताब्दी में उनके वंशजों ने पांड्रा पोद्दारडीह में आकर यहां का शासन संभाला था। राज परिवार द्वारा अपनी कुलदेवी मां नीलकंठ वासिनी का मंदिर उपचुरिया और मां महामाया मंदिर की स्थापना पांड्रा में करवाई गई थी। राज परिवार के लोग पांड्रा से पोद्दारडीह आ गए। उसके बाद पोद्दारडीह राजमहल के बगल में मां दुर्गा की मंदिर की स्थापना करवाई गई। 15वीं शताब्दी से लेकर आज तक उक्त मंदिर में शारदीय व वासंतिक दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाई जाती है। वर्तमान समय में शारदीय दुर्गोत्सव तो मंदिर में मनाया जा रहा है परंतु वासंतिक दुर्गा पूजा राजबाड़ी में नहीं मनाई जा रही। राज परिवार के लोग वासंतिक दुर्गा पूजा अपने घर में ही मनाते हैं। राज परिवार के लोग आज भी पांड्रा स्थित महामाया मंदिर में महाअष्टमी के दिन जाकर सिदूर व तेल चढ़ाते हैं।

आज भी मंदिर के पुजारी तपन लाइक राज परिवार के वर्तमान राजा हरिनारायण सिंह के नाम से पहला संकल्प करवाते हैं। उसके बाद 16 आना का संकल्प करवाया जाता है। पहले नवरात्रि शुरू होने के 15 दिन पहले रानी तालाब पालकी ले जाकर मां को मंदिर में आने के लिए आह्वान किया जाता था। वासंती नवरात्रि के समय 108 कुंवारी कन्याओं को नए वस्त्र देकर राजपरिवार के राजा उसकी पूजा अर्चना करते थे और दान देकर विदा करते थे।

कोविड के दिशा निर्देश का पालन कर दुर्गा पूजा मनाई जाएगी :

पांड्रा के पोद्दारडीह राजबाड़ी दुर्गा पूजा कमेटी की वर्तमान अध्यक्ष विधायक अपर्णा सेनगुप्ता ने बताया कि कोविड-19 को देखते हुए सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए पूजन कार्य संपन्न कराया जाएगा। भीड़भाड़ नहीं लगेगी और प्रसाद का भी वितरण नहीं किया जा सकेगा। कमेटी के उपाध्यक्ष राजपरिवार के रघुवीर नारायण सिंह व सचिव गौतम सेनगुप्ता ने बताया कि सरकार के बताए निर्देशों का पालन किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी