शादी समारोह में खाने के लिए प्रतिबंधित पशु काटने पर तनाव, ग्रामीणों ने आरोपित का घर घेरा Dhanbad News

तोपचांची के श्रीरामपुर गांव में एक विशेष समुदाय के घर में शादी समारोह के अवसर पर प्रतिबंधित पशु काटने की सूचना ग्रामीणों को मिली। इसके बाद ग्रामीण उग्र हो गए। उन्होंने आरोपित का घर घेर लिया। आरोपित ने पिछले दरवाजे से भाग कर थाने में शरण ली।

By MritunjayEdited By: Publish:Thu, 18 Feb 2021 09:13 AM (IST) Updated:Thu, 18 Feb 2021 09:46 AM (IST)
शादी समारोह में खाने के लिए प्रतिबंधित पशु काटने पर तनाव, ग्रामीणों ने आरोपित का घर घेरा Dhanbad News
प्रतिबंधित पशु का वध करने के आरोपी का घर घेरे ग्रामीण ( फोटो जागरण)।

तोपचांची, जेएनएन। धनबाद के तोपचांची अंचल के श्रीरामपुर गांव में एक विशेष समुदाय के घर पर शादी के भोज के लिए प्रतिबंधित पशु काटे जाने की सूचना पर गुरुवार को पौ फटने से पहले ही हंगामा खड़ा हो गया। शादी वाले घर के बाहर ग्रामीण जमा होने लगे। इसके बाद निजामुद्दीन अंसारी के घर को घेर लिया। सूचना मिलते ही तोपचांची थाना और हरिहरपुर थाना की पुलिस भागी-दाैड़ी पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। लेकिन ग्रामीण पीछे हटने को तैयार नहीं थे। वे आरोपित को भीड़ के हवाले करने की मांग कर रहे थे। जान बचाने के लिए आरोपित घर के पिछले दरवाजे से भाग निकला। इसके बाद थाने में पहुंच गया। पुलिस द्वारा आरोपित की पत्नी को हिरासत में लेने के बाद ग्रामीण शांत हुए। इस घटना को लेकर श्रीरामपुर गांव में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति है। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है। गांव में पुलिस कैंप कर रही है।

क्या है मामला

श्रीरामपुर गांव के एक विशेष समुदाय के घर मे शादी समारोह था। बुधवार की देर रात ग्रामीणों को सूचना मिली कि प्रतिबंधित पशु का कत्ल किया गया है। यह खबर पूरे गांव में फैल गई। इसके बाद गांव के कुछ युवक सच्चाई को जानने के लिए आरोपित के घर पहुंच गए। वहां पर प्रतिबंधित मांस को देखा। यह बात पूरे गांव में फैल गई। गुरुवार तड़के करीब 4 बजे आरोपित के घर के पास ग्रामीण जमा होने लगे। थोड़ी ही देर में भीड़ जमा हो गई। आरोपित के घर के सामने ग्रामीणों ने टायर जलाकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि आरोपित द्वारा प्रतिबंधित पशु की हत्या कर मांस का कारोबार किया जाता है। घटना के समय कुछ लोग मांस खरीदने पहुंचे थे। लेकिन हंगामा होते देख भाग खड़े हुए। इस बीच सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची। जाने बचाने के डर से आरोपित घर के पिछले दरवाजे से भागते हुए थाना पहुंच गया। 

आरोपित की पत्नी को हिरासत में लेकर पुलिस ने थामा आक्रोश

आक्रोशित ग्रामीण आरोपित को फांसी देने की मांग कर रहे थे। ग्राामीणों का कहना था कि यहां प्रतिबंधित मांस का कारोबार भी किया जाता है। मांस खरीदने के लिए बाहर से लोग आते हैं। पुलिस ने आरोपी के घर की एक महिला को हिरासत में लिया तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों ने पशु वध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पुलिस से की है। 

मांस और पशु वध करने का हथियार जब्त

ग्रामीणों के आक्रोश को शांत करने के लिए पुलिस ने आरोपित के घर की तलाशी ली। उसके घर से प्रतिबंधित मांस, धरदार चापड़ ( पशु वध करने का हथियार) और तराजू जब्त किया गया। इस घटना के बाद गांव में स्थिति तनावपूर्ण है। जिस तरह से ग्रामीण आक्रोशित थे गांव में मॉब लिंचिंग जैसी बड़ी घटना घट सकती थी लेकिन पुलिस की सक्रियता से टल गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तोपचांची और हरिहरपुर थाना की पुलिस गांव में कैंप कर रही है। 

chat bot
आपका साथी