Dhanbad Weather: तामिलनाडू जा रहे बादलों ने बदली धनबाद की फिजा, तीन-चार दिनों तक कम लगेगी ठंड

धनबाद के मौसम में बदलाव आ गया है। सुबह से धूप नहीं खिली है और आसमान में बादल छाए हैं। रात में पछुआ हवा की सक्रियता बढ़ने से मौसम में हल्की ठंडक बनी रहेगी। तीन-चार दिनों तक बादल भी आते-जाते रहेंगे।

By Atul SinghEdited By: Publish:Mon, 01 Nov 2021 01:45 PM (IST) Updated:Mon, 01 Nov 2021 02:19 PM (IST)
Dhanbad Weather: तामिलनाडू जा रहे बादलों ने बदली धनबाद की फिजा, तीन-चार दिनों तक कम लगेगी ठंड
धनबाद के मौसम में बदलाव आ गया है। (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)

जागरण संवाददाता, धनबाद : धनबाद के मौसम में बदलाव आ गया है। सुबह से धूप नहीं खिली है और आसमान में बादल छाए हैं। रात में पछुआ हवा की सक्रियता बढ़ने से मौसम में हल्की ठंडक बनी रहेगी। तीन-चार दिनों तक बादल भी आते-जाते रहेंगे। मौसम के एकाएक रंग बदलने का कारण तामिलनाडू में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन है जिसके बादल धनबाद होकर गुजर रहे हैं। इससे बारिश की संभावना नहीं है। साथ ही बादलों की सक्रियता बढ़ जाने से दिवाली की शाम सर्दी बढ़ने की संभावना भी कम हो गई है। पर इसका प्रभाव कम होते ही हिमालय की हवाएं आने लगेंगी जिससे छठ में सर्दी बढ़ जाएगी।

मानसून के अध्ययनकर्ता डा. एसपी यादव का कहना है कि तामिलनाडू में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। उस ओर बंगाल की खाड़ी से बादल जा रहे हैं। यही वजह है कि धनबाद समेत झारखंड के ज्यादातर हिस्से में बादल छाए हुए हैं। तामिलनाडू में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बने रहने तक इसका प्रभाव धनबाद और आसपास दिखेगा। बाद में जब तामिलनाडू का साइक्लोनिक सर्कुलेशन केरल की ओर बढ़ेगा या श्रीलंका की ओर चला जाएगा तो धनबाद के मौसम में बदलाव दिखेगा। हिमालय के बादल मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने लगे हैं। बंगाल की खाड़ी के बादलों की आवाजाही के कारण हिमालय के बादल स्थिर हैं। खाड़ी के बादलों के गुजरते ही हिमालय के बादलों की सक्रियता बढ़ेगी जो ठंड लाएगी।

ओडिशा से सटे हिस्से में बूंदाबांदी की संभावना

बंगाल की खाड़ी से तामिलनाडू जानेवाले बादलों से ओडिशा से सटे झारखंड के कुछ हिस्से में हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। धनबाद और आसपास इन बादलों से बारिश नहीं होगी। धनबाद में भी हमेशा बादल नहीं रहेंगे। धूप-छांव की स्थिति बनी रहेगी। समुद्री बादलों की आवाजाही से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी और ठंड का असर कम रहेगा। 

ऐसे हो रहा तापमान में उतार चढ़ाव

बादलों की आवाजाही के कारण धनबाद के तापमान में भी उतार-चढ़ाव शुरू हो गया है। पहले जहां नवंबर से तानमान 14 से 16 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई थी, वहीं अब इसमें बढ़ोतरी होने लगी है। सोमवार का न्यूनतम तापमान 18 पर है। मंगलवार को इसके 19 तक जाने का अनुमान है। चार नवंबर तक 18-19 के बीच रहने के बाद पांच नवंबर से इसमें फिर गिरावट आने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री के बीच ही रहेगा।

chat bot
आपका साथी