Dhanbad Union Club Elections: निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों का आज होगा शपथ ग्रहण, पुरानी कमेटी के कुछ पर गिर सकती गाज
दस सितंबर को सभी महत्वपूर्ण पदों पर एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया था। इनके विरोध में किसी अन्य ने नामांकन पत्र नहीं भरा। कार्यकारिणी सदस्य भी निर्विरोध चुन लिए गए। कोविड-19 के संक्रमण के कारण डेढ़ वर्ष बाद यूनियन क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद यूनियन क्लब के सभी पदों के लिए निर्विरोध पदाधिकारी निर्वाचित हो चुके हैं। आज औपचारिक रूप से सबका शपथ ग्रहण होगा। क्लब का चुनाव तो आज ही निर्धारित था, लेकिन 15 दिन पहले नामांकन के अंतिम दिन सभी निर्विरोध चुन लिए गए। चार बार क्लब के सचिव रह चुके अमितेश सहाय कार्यकारी अध्यक्ष और रितेश शर्मा दूसरी बार सचिव चुने गए हैं। आज क्लब की वार्षिक जनरल मीटिंग भी होगी इसमें दो वर्षों का लेखा-जोखा तो पेश होगा ही, इसके साथ ही क्लब के नियमों के प्रतिकूल कार्य करने वालों पर गाज भी गिरेगी। नवनिर्वाचित कमेटी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि पुरानी कमेटी ने क्लब को काफी नुकसान पहुंचाया है। कई नियम विरोध निर्णय भी लिए गए हैं। ऐसे जितने भी मामले हैं आज की मीटिंग में सामने लाए जाएंगे। कई सदस्यों को क्लब से डिबार भी किया जा सकता है।
दो वर्ष का होगा क्लब का कार्यकाल
दस सितंबर को सभी महत्वपूर्ण पदों पर एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया था। इनके विरोध में किसी अन्य ने नामांकन पत्र नहीं भरा। कार्यकारिणी सदस्य भी निर्विरोध चुन लिए गए। कोविड-19 के संक्रमण के कारण डेढ़ वर्ष बाद यूनियन क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ है। कोविड की पहली और दूसरी लहर की वजह से 2020 में क्लब का चुनाव हुआ ही नहीं, 2021 में भी चुनाव टलता रहा। इस कार्यकारणी का वर्ष 2023 तक कार्यकाल होगा।
किस पद पर कौन चुने गए क्लब के पदेन अध्यक्ष : वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार कार्यकारी अध्यक्ष : अमितेश सहाय उपाध्यक्ष : अतुल डोकानिया सचिव : रितेश शर्मा कोषाध्यक्ष : विनोद कुमार सिन्हा सह सचिव : राकेश तिवारी कार्यकारी सदस्य : देवेन तिवारी, मनोज भोजगढ़िया, मनोज खेमका एवं राकेश सिन्हा।