हेलमेट नहीं पहना तो चालू ही नहीं होगी बाइक, BIT Sindri के छात्र ने बनाया कमाल का उकरण
BIT Sindri विकास ने बताया कि आए दिन सड़क दुर्घटना और बाइक चोरी की सूचना मिलती रहती है। इससे मन व्यथित हो जाता था। यह विचार आया कि ऐसी डिवाइस बनाएं जिससे बाइक चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य हो जाए। इसके बाद शोध शुरू किया।
धनबाद [ राजीव शुक्ला ]। आपने हेलमेट नहीं लगाया है तो आपकी बाइक को यह मेटल डिटेक्टर स्टार्ट नहीं होने देगा। हेलमेट पहनने के बाद ही बाइक चालू होगी। चौंक गए ना, बाइक चालकों को दुर्घटना से बचाने व उनकी बाइक चोरी होने से रोकने को बीआइटी सिंदरी के रसायन अभियंत्रण संकाय के प्रथम वर्ष के छात्र विकास कुमार ने उपकरण तैयार किया है। इसे बीआइटी मॉडल क्लब की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता टेकी ऑफ द इयर के लिए निर्णायकों ने चयनित किया है।
टेकी ऑफ द इयर के लिए चयनित
विकास ने बताया कि आए दिन सड़क दुर्घटना और बाइक चोरी की सूचना मिलती रहती है। इससे मन व्यथित हो जाता था। यह विचार आया कि ऐसी डिवाइस बनाएं, जिससे बाइक चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य हो जाए। इसके बाद शोध शुरू किया। ऐसी डिवाइस बन गई जिसके कारण बाइक तभी स्टार्ट होगी जब चालक हेलमेट पहन लेगा। चोर भी अगर बाइक चुराना चाहेगा तो वो हेलमेट न होने से बाइक स्टार्ट नहीं होगी। बाइक का ताला भले तोड़ लिया जाए, इंजन स्टार्ट कर चोर बाइक को नहीं ले जा सकते। टेकी ऑफ द इयर की आयोजन समिति के सदस्य चंदन कुमार झा खनन अभियंत्रण के छात्र हैैं। उन्होंने बताया कि इस डिवाइस को निर्णायकों ने चयनित किया है। वर्चुअल तरीके से होने वाली इस प्रतियोगिता में ऐसे शोध का चयन किया गया है जो कुछ अलग है, व्यावहारिक हो। यह इनोवेशन शानदार है। सस्ता है।
विज्ञान के सामान्य सिद्धांत पर शोध से बड़ा काम
विकास कुमार ने बताया कि विज्ञान के सामान्य सिद्धांत से यह डिवाइस बन गई है। इसमें मेटल डिटेक्टर, ऑर्डिनो बोर्ड, रिले, धातु का टुकड़ा व तार का प्रयोग किया गया है। महज एक हजार रुपये खर्च आया है। हेलमेट में माथे की जगह पर दस वर्ग सेमी का धातु का टुकड़ा लगाया गया है। बाइक की हेडलाइट के समीप मेटल डिटेक्टर युक्त डिवाइस लगाई जाएगी। मेटल डिटेक्टर चालक के सिर पर फोकस करेगा। हेलमेट लगाने पर मेटल डिटेक्टर उस धातु का संकेत पकड़ेगा। इसके बाद वह ऑर्डिनो बोर्ड को संदेश भेजेगा। यह संदेश उस सर्किट को जोड़ देगा जिससे बाइक स्टार्ट होगी। हेलमेट नहीं लगाएंगे तो बाइक का सर्किट अपूर्ण रहेगा। लाख कोशिश करते रहिए, बाइक स्टार्ट नहीं होगी।