सांपेर मुखे बेंगा नाचे तार पिछुनी कोई गुणी आच्छे... पढ़ें Singh Mansion और Raghukul की लड़ाई की खरी-खरी

Singh Mansion Dhanbad मेसर्स साईं श्री इंजिनियर्स प्राइवेट लिमिटेड हैदराबाद के सीइओ राजा गोपाल राजू ने झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह के छोटे भाई मनीष सिंह उर्फ सिद्धार्थ गाैतम पर गंभीर आरोप लगाया है। यह आरोप करोड़ों रुपये कीमत की भारी मशीनों की लूट का है।

By MritunjayEdited By: Publish:Fri, 19 Mar 2021 07:55 PM (IST) Updated:Tue, 23 Mar 2021 05:55 AM (IST)
सांपेर मुखे बेंगा नाचे तार पिछुनी कोई गुणी आच्छे... पढ़ें Singh Mansion और Raghukul की लड़ाई की खरी-खरी
सिंह मैशन, रामधीर सिंह, संजीव सिंह और मनीष सिंह ( फाइल फोटो)।

धनबाद [ जागरण स्पेशल ]। सिंह मैंशन। धनबाद की राजनीति में यह नाम खास है। यह यहां का सबसे ताकतवर राजनीतिक घराना है। इस घराने की दखल झारखंड से लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश की राजनीति में रही है। पर अब बड़ी मुश्किल में है। इस घराने के राजनीतिक वारिस झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं। संजीव के चाचा और सिंह मैंशन के रणनीतिकार बलिया जिला परिषद (यूपी) के पूर्व चेयरमैन रामधीर सिंह, विनोद सिंह हत्याकांड में रांची के होटवार जेल में सजा काट रहे हैं। रामधीर सिंह के पुत्र शशि सिंह कोल किंग के नाम से मशहूर सुरेश सिंह की हत्या करने के बाद फरार हैं। अब संजीव के छोटे भाई मनीष सिंह उर्फ सिद्धार्थ गाैतम पर बहुत गंभीर आरोप लगा है। मेसर्स साईं श्री इंजिनियर्स प्राइवेट लिमिटेड हैदराबाद के सीइओ राजा गोपाल राजू ने 35 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की भारी मशीनों की लूट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। राजू ने शुक्रवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर फरियाद की। इसके बाद मनीष पर भी अब गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है।

झारखंड विधानसभा के बाहर खड़े राजा गोपाल राजू

राजा गोपाल राजू ने सीएम से मिलकर पूरी घटना की दी जानकारी 

मेसर्स साईं श्री इंजिनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ राजा गोपाल राजू ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की तथा उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के दौरान उन्होंने अपनी कम्पनी के साथ हुई अपराधिक घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दी और बताया कि किस तरह सिंह मैंशन के मनीष सिंह उर्फ सिद्धार्थ गौतम तथा उनके गुर्गों द्वारा उनकी 35 करोड़ रुपए से ज्यादा मूल्य की माइनिंग मशीनरी लूट ली गई।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री ने दिया कठोर कार्रवाई का आश्वासन

राजू ने कहा कि हमारी कंपनी के कार्यकाल के दौरान कंपनी द्वारा स्थानीय सैकड़ों बेरोजगारों को रोजगार दिया गया था। पांच करोड़ रुपये से अधिक की राशि हमने सरकार को प्रत्यक्ष राजस्व के रूप में भुगतान किया है तथा झारखंड के औद्योगिक विकास में अपनी भागीदारी निभाई है। मुख्यमंत्री ने गोपाल राजू की बातों को सहानुभूति पूर्वक सुनते हुए इस मामले में संज्ञान लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया। यह भी कहा कि अपराधी चाहे कितने भी ताकतवर क्यों ना हो वे बख्शे नहीं जाएंगे। झारखंड में इस तरह के संगठित अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है और अगर उनकी बातों में सच्चाई है तो अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

धनबाद की कोयला कंपनी बीसीसीएल में आउटसोर्सिंग पर कोयले का खनन

आउटसोर्सिंग कंपनी बंद हुई तो लूट ली करोड़ों की गाड़ियां

बीसीसीएल की लोदना क्षेत्र में आउटसोर्सिंग का काम करनेवाली साईं श्री इंजीनियङ्क्षरग प्राइवेट लिमिटेड के सीइओ राजा गोपाल राजू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने से पहले गुरुवार को धनबाद में पीसी कर सिद्धार्थ गौतम उर्फ मनीष सिंह पर करोड़ों रुपये की गाडिय़ां लूटने का आरोप लगाया। साथ ही बताया कि उन्होंने धनबाद पुलिस से पूरे मामले की शिकायत की है। गांधी सेवासदन में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी को बीसीसीएल ने 2012-14 में लोदना क्षेत्र में 247 करोड़ रुपये का काम दिया था। दो वर्ष तक काम चला, इसके बाद परियोजना बंद हो गई। हमने काम समेट लिया और खनन कार्य में इस्तेमाल होने वाली अपनी 53 गाडिय़ों को कैंप में रख कर सभी अधिकारी-कर्मचारी आंध्र प्रदेश लौट गए। 27 नवंबर 2017 को लौटे तो पाया कि हमारी एक भी गाड़ी वहां नहीं है। काफी खोज की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। जनवरी 2021 में पता चला कि हमारी कुछ गाडिय़ां भूली बी ब्लॉक में छिपाकर रखी गई हैं।

शर्ट उतारने के बाद हाथ जोड़े राजा गोपाल राजू

...और शर्ट उतार कहा-मैं कंगाल हो गया

राजू ने बताया कि हमने सिटी एसपी से इसकी शिकायत की तो उन्होंने सिंदरी डीएसपी से संपर्क करने को कहा। लिखित शिकायत देने के बाद उन्होंने लोदना व भूली में छापेमारी कराई। छापेमारी में हमारी गाडिय़ां बरामद हुईं। इस दौरान भूली बी ब्लॉक निवासी सत्येंद्र सिंह व संतोष सिंह ने बताया कि यह सभी गाडिय़ां उनके संरक्षण में हैं। इसे सिंह मेंशन के मनीष  सिंह उर्फ सिद्धार्थ गौतम के कहने पर शैलेंद्र सिंह उर्फ छोटू सिंह ने वहां रखवाया है।

राजू के मुताबिक अगले दिन डीएसपी के दबाव पर सत्येंद्र सिंह व शैलेंद्र सिंह उर्फ छोटू सिंह ने 53 में से चार गाडिय़ां वापस कर दीं। शेष के बारे में अनभिज्ञता जता दी। गांधी सेवा सदन में पत्रकार वार्ता के दौरान उस समय विचित्र स्थिति बन गई, जब साईं श्री इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि मंथेना राजा गोपाल राजू ने अपनी शर्ट खोल ली। उन्होंने कहा कि वे एक सामान्य परिवार से आते हैं। लुटेरों ने उनका कुछ नहीं छोड़ा। वे बिल्कुल कंगाल हो गए हैं। राजू ने कहा कि इस देश के पीएम बहुत ईमानदार हैं। वे हमारे साथ न्याय करें और हमारे वाहन हमें दिलाएं। उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन से भी न्याय करने की अपील की।

अपनी मां झरिया की पूर्व विधायक कुंती सिंह के साथ मनीष सिंह

कंपनी से कोई लेना-देना नहीं, करेंगे मानहानि का मुकदमा

साईं श्री इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के आरोपों पर मनीष सिंह उर्फ सिद्धार्थ गौतम का कहना था कि वे ऐसी किसी कंपनी को नहीं जानते। इसके मालिक या किसी अधिकारी से भी उनका कोई परिचय नहीं है। उन्होंने कहा कि 53 वाहनों को एक साथ खड़ा कर दें तो एक किलोमीटर लंबी कतार लग जाएगी। यह कोई रुपया या कागज तो है नहीं कि इसे छुपा कर रखा जाए। मनीष ने कहा कि वे कंपनी व उससे जुड़े तमाम लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे। उन्होंने कहा है कि उनके राजनीतिक विरोधी उन्हें बदनाम करने के लिए राजा गोपाल राजू का इस्तेमाल कर रहे हैं। राजू की पत्रकार वार्ता एक कांग्रेस नेता के संरक्षण में की गई। इससे साफ पता चलता है कि यह उनके विरोधियों की साजिश है।

धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह और झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह

पूर्णिमा नीरज सिंह के विधायक बनने के बाद राजनीतिक रूप से कमजोर हुआ सिंह मैंशन

सिंह मैंशन पारिवारिक लड़ाई में कमजोर हुआ है। सिंह मैंशन की नींव रखने वाले झरिया के पूर्व विधायक बहुचर्चित सूरजदेव सिंह के पुत्र झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह इस समय जेल में हैं। उनपर अपने चचेरे भाई नीरज सिंह की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। 2019 के विधानसभा चुनाव में दिवंगत नीरज सिंह की पत्नी पूर्णिमा नीरज सिंह कांग्रेस के टिकट पर झरिया से चुनाव जीत गईं। इस चुनाव में संजीव ने खुद चुनाव न लड़कर अपनी पत्नी रागिनी सिंह को भाजपा के टिकट पर मैदान में उतारा था। थोड़े से मतों के अंदर से रागिनी चूक गईं। पूर्णिमा नीरज सिंह विधायक बनने के बाद अपने पति की हत्या का बदला लेने के लिए राजनीतिक और कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं।

कोल किंग सुरेश सिंह और शशि सिंह

मनीष अगर जेल गए तो सिंह मैंशन का कोई पुरुष सदस्य राजनीतिक मोर्चे पर नहीं रहेगा बाहर

पूर्व विधायक संजीव सिंह जेल में हैं। राजनीतिक दबाव में संजीव को धनबाद से दुमका जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। संजीव के चाचा रामधीर सिंह भी होटवार जेल में सजा काट रहे हैं। रामधीर के पुत्र शशि सिंह कोल किंग सुरेश सिंह की हत्या करने के बाद फरार हैं। अब मनीष सिंह भी घिरते नजर आ रहे हैं। अगर वह भारी मशीनों की लूट में जेल जाते हैं तो फिर सिंह मैंशन का कोई भी बालिग सदस्य कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ने के लिए मोर्चे पर नहीं रह जाएगा।

पूर्व विधायक संजीव सिंह की पत्नी और झारखंड भाजपा कार्यसमिति सदस्य रागिनी

रागिनी सिंह के सामने खुद को साबित करने की चुनौती

पूर्व विधायक संजीव सिंह के जेल में जाने और सिंह मैंशन के राजनीतिक झंझावतों में घिरने के बाद अब तमाम जिम्मेदारी रागिनी सिंह के कंधों पर आन पड़ी है। वह राजनीति के साथ-साथ कानूनी मोर्चे पर लड़ रहीं हैं। हाल ही में जब संजीव सिंह को जब धनबाद से दुमका जेल भेज दिया गया तो उन्होंने झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के दबाव में जेल प्रशासन पर काम करने का आरोप लगाते हुए धरना दिया। उनके साथ धनबाद जिला भाजपा के तमाम छोड़े-बड़े नेताओं ने खड़े होकर एकजुटता का प्रदर्शन किया। चूंकि, झारखंड में भाजपा की सरकार नहीं है। सिंह मैंशन भाजपा की राजनीति से जुड़ा हुआ है। झारखंड में झामुमो गठबंधन की सरकार है। इस सरकार में कांग्रेस शामिल है। कांग्रेस विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह सरकार के साथ हैं। इसलिए सिंह मैंशन के साथ लड़ाई में उनका राजनीतिक पलड़ा थोड़ा भारी है। ऐसे में रागिनी सिंह के सामने संघर्ष के बदाैलत सिंह मैंशन की साख बनाए रखने की चुनाैती है।

कंपनी की गाड़ी किसी ने लूटी है, चोरी हो गई या फिर चलाने के लिए किसी को जिम्मानामा पर सौंपा गया है, इन तमाम पहलुओं पर छानबीन चल रही है। सिटी एसपी की मॉनीटरिंग में सिंदरी डीएसपी जांच कर रहे हैं। कंपनी प्रतिनिधि की शिकायत पर चार गाड़ी मिली है। इस मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

-असीम विक्रांत मिंज, एसएसपी, धनबाद

chat bot
आपका साथी