Jharkhand Politics: सीटी मार भाजपा की राजनीति में छा गए इंद्रजीत, मुख्यमंत्री ने भी दिया भाव

सिंदरी के विधायक इंद्रजीत महतो ने कहा-झारखंड सरकार किसी की सुन नहीं रही है। झामुमो गठंबधन की सरकार सो गई है। इसलिए सदन में सीटी बजाकर सरकार को जगाने की कोशिश की। सरकार का विरोध करना विपक्ष का दायित्व है।

By MritunjayEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 05:40 PM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 06:41 AM (IST)
Jharkhand Politics: सीटी मार भाजपा की राजनीति में छा गए इंद्रजीत, मुख्यमंत्री ने भी दिया भाव
झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक इंद्रजीत महतो।

धनबाद, जेएनएन। भाजपा विधायक इंद्रजीत महतो झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में बुधवार को सीटी क्या बजाई सूबे की राजनीति में अचानक छा गए हैं। हर जगह उनकी ही चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया में भी उनपर ही बातें हो रही हैं। सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता महिला सदस्यों के बीच विधानसभा में सीटी बजाने के लिए इंद्रीजत पर निशाना साध रहे हैं तो भाजपा के नेता-कार्यकर्ता तारीफ के पुल बांध रहे हैं। इन सबके बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी महतो को नोटिस लिया है। उन्होंने झारखंड विधानसभा परिसर में कार्यवाही के बाद अपनी बगल की सीट पर बिठाकर गूफ्तगू की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी बातों को सुनने को तैयार हैं। जनता से जुड़ी किसी भी तरह की समस्या होने पर उनसे बेहिचक मिल सकते हैं। 

झारखंड सरकार को जगाने के लिए बजाई सीटी

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र-Jharkhand Assembly Budget-2021 में बुधवार को वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव ने बजट पेश किया। इस दाैरान प्रतिपक्ष-भाजपा के विधायकों ने विरोध किया। विधानसभा में समानांतर बजट पेश की। इस दाैरान सभी विधायक सरकार का विरोध करने के लिए सीटी बजा रहे थे। भाजपा विधायकों के विरोध के कारण सदन में जोरदार हंगामा हुआ। सीटी बजाने को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो नाराज हुए। उनकी नजर सिंदरी के विधायक इंद्रजीत महतो पर पड़ी। महतो जोर-जोर से सीटी बजा रहे थे। उन्होंने मार्शल से महतो को सदन से बाहर करवा दिया। इस कार्रवाई के बाद महतो भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजरों में चढ़ गए। भाजपाई जमकर तारीफ कर रहे हैं। महतो ने कहा-झारखंड सरकार किसी की सुन नहीं रही है। झामुमो गठंबधन की सरकार सो गई है। इसलिए सदन में सीटी बजाकर सरकार को जगाने की कोशिश की। सरकार का विरोध करना विपक्ष का दायित्व है। 

झामुमो को अपने विधायकों को जवाब देना चाहिए

सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के नेताओं के हमले को जवाब देते हुए महतो ने कहा है-मुख्यमंत्री समेत सरकार में बैठे नेताओं को पहले अपनी पार्टी के विधायकों को ही जवाब देना चाहिए। झामुमो विधायक सीता सोरेन और लोबिन हेंब्रम राज्य और संताल में खनन लूट का आरोप लगा रहे हैं। ये दोनों तो भाजपा के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में विकास कार्य ठप है। खनिज संपदा लूट की छूट है। नाैकरी छीनी जा रही है। बजट में पिछली सरकार के कार्यों को ही शामिल कर पीठ थपथपाई जा रही है। धनबाद के गोविंदपुर से साहिबंगज के बीच डबल लेन रोड का निर्माण रघुवर सरकार ने करवाया। रोड निर्माण पहले ही फोर लेन बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण किया जा चुका है। अब इसे बजट में घोषणा की गई। धनबाद में रिंग रोड नई योजना नहीं है। 

chat bot
आपका साथी