Jharkhand Assembly Election : पाक पीएम इमरान खान की भाषा बोल रहे कांग्रेसी व विपक्षी दल के नेता : शिवराज

एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि पाक पीएम इमरान को भारत में मानवाधिकार हनन की चिंता हो रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस के लोग उसके बयान के आधार पर हाय तौबा मचा रहे हैं।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Wed, 11 Dec 2019 05:05 PM (IST) Updated:Wed, 11 Dec 2019 05:05 PM (IST)
Jharkhand Assembly Election : पाक पीएम इमरान खान की भाषा बोल रहे कांग्रेसी व विपक्षी दल के नेता : शिवराज
Jharkhand Assembly Election : पाक पीएम इमरान खान की भाषा बोल रहे कांग्रेसी व विपक्षी दल के नेता : शिवराज

धनबाद, जेएनएन। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस व विपक्षी दल के नेता पाक पीएम इमरान खान की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में प्रतिदिन हिंदू महिलाओं के साथ ज्यादती हो रही है। धर्मांतरण का खेल खेला जा रहा है। सरेआम अल्पसंख्यकों की हत्याएं हो रही है। उस देश के पीएम को हमारे देश में मानवाधिकार हनन की चिंता हो रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस और मानवाधिकारवादी उसके बयान के आधार पर हाय तौबा मचा रहे हैं।

शिवराज सिंह चौहान बुधवार को धनबाद में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस की महागठबंधन भ्रष्टाचारियों की जमात है। झामुमो, कांग्रेस, राजद ने कोड़ा को सीएम बनाया और राज्य में लूट मचाई। 2014 तक कांग्रेस ने सरकार चलाई और भ्रष्टाचार के मामले अभी तक खुल रहे हैं।

पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही धोखेबाज पार्टी है। चौधरी चरण सिंह को छह माह में, चंद्रशेखर को चार माह में, देवगौड़ा को नौ माह में, गुजराल को उससे भी कम समय में चलता कर दिया। कर्नाटक में कुमारस्वामी तो जब तक सीएम रहे रोते ही रहे। लोग इतने परेशान हुए कि उपचुनाव में 15 में 12 पर भाजपा को जीता दिया।

झारखंड में आदिवासियों के मसीहा आदिवासियों की जमीन लूटकर अपना घर भरने में लगे हैं। अब लोगों ने उन्हें डीएमके (दारू, मुर्गा, खस्सी) पार्टी कहना शुरू कर दिया है। पहली बार पिछले पांच सालों में स्थायी सरकार रही और लोगों ने विकास की गति देखी। इस बार भी जनता हम पर भरोसा करेगी। हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे और राज्य में विकास की रफ्तार तेज होगी।

सरयू राय स्वभाव से ही विरोधी

एक सवाल के जवाब में शिवराज ने कहा कि सरयू राय स्वभाव से ही विरोधी हैं। सरकार में रहते हुए भी वे नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे थे। जब अति हो गई तो पार्टी ने एक्शन लिया। उन्होंने सरयू के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि रघुवर दास ने साफ सुथरी सरकार झारखंड में चलाई है।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने नहीं किया एक भी वादा पूरा

शिवराज सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने अब तक एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने न तो किसानों का कर्जा माफ किया और न ही युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया। बावजूद इसके यहां आकर भी वे फिर से वही वादे कर रहे हैं। ये पूरी तरह धोखेबाज पार्टी है। जनता को इन पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

chat bot
आपका साथी