Coronavirus की दूसरी लहर बहुत खतरनाक, धनबाद में दो माह में 45 संक्रमितों ने तोड़ा दम

धनबाद जिले में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 900 पार कर गई है। वहीं जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हजार के आस पास पहुंच गई है। जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग के पदाधिकारी डॉक्टर राजकुमार सिंह ने बताया कि संक्रमण बढ़ रहा है।

By MritunjayEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 04:25 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 04:25 PM (IST)
Coronavirus की दूसरी लहर बहुत खतरनाक, धनबाद में दो माह में 45 संक्रमितों ने तोड़ा दम
कोरोना की दूसरी लहर जानलेवा साबित हो रही ( प्रतीकात्मक फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हर दिन समुदाय का एक बड़ा हिस्सा संक्रमित हो रहा है। धनबाद जिले में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 900 पार कर गई है। वहीं जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हजार के आस पास पहुंच गई है। अब तक 9535 लोग संक्रमित हुए हैं। जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग के पदाधिकारी डॉक्टर राजकुमार सिंह ने बताया कि लगातार संक्रमण बढ़ रहा है। पूरे मामले पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मरीजों को बेड मुहैया कराने की कोशिश में है। इसके लिए सभी को भी अस्पताल और निजी को भी अस्पताल में मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाके में एक बार फिर से स्वास्थ्य विभाग लोगों की जांच शुरू करेगा इसके लिए हॉटस्पॉट इलाके का चयन किया गया है। कई जगहों पर जांच शुरू हो गई है।

निजी अस्पताल नहीं कर सकते मनमानी

डॉ सिंह ने बताया कि निजी अस्पतालों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। यहां पर भर्ती के लिए आने वाले समान्य मरीजों के साथ भेदभाव नहीं कर सकते हैं। ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित अस्पताल को महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही सभी निजी अस्पताल संचालकों को भी निर्देशित किया गया है। इसके लिए हर दिन शाम को एक विशेष कमेटी मॉनिटरिंग कर रही है।

दूसरी लहर में अब तक 45 लोगों की गई जान

धनबाद में दूसरी लहर का कहर बदस्तूर जारी है। कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं करने के कारण हर दिन लोग संक्रमित हो रहे हैं। पहली लहर में 115 लोगों की मौत हुई थी। अब दूसरी लहर के मार्च और अप्रैल माह में ही 43 लोगों की मौत हो चुकी है। स्थिति हर दिन गंभीर होती जा रहे हैं।

संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ऐसे में लोगों से अपील है कि वह घरों में रहे। बेवजह बाहर नहीं निकले। अपने और अपने परिवार की हिफाजत करें। किसी भी प्रकार के लक्षण आने पर अपनी जांच जरूर करवाएं।

-डॉ राजकुमार सिंह, पदाधिकारी जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग

chat bot
आपका साथी