Republic Day 2021: राजपथ पर धनबाद के किस्लयकांत ने रफाल उड़ा दिखाए करतब, देखने वाले देखते रह गए

लोगों को जब पता चला कि राजपथ पर रफाल उड़ाने वालों में धनबाद का पूर्व छात्र किस्लयकांत शामिल हैं तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्राचार्या डॉ० सरिता सिन्हा ने कहा कि यह हम सबके लिए अपार हर्ष और गर्व का विषय है।

By MritunjayEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 03:52 PM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 03:52 PM (IST)
Republic Day 2021: राजपथ पर धनबाद के किस्लयकांत ने रफाल उड़ा दिखाए करतब, देखने वाले देखते रह गए
स्क्वॉड्रन लीडर किस्लयकांत और लड़ाकू विमान रफाल ( फाइल फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। 72वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल, धनबाद के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। इस विद्यालय के पूर्व छात्र किस्लयकांत ने गणतत्र दिवस की परेड में भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान रफाल को राजपथ के ऊपर उड़ाकर करतब दिखाए। देश की सैन्य शक्ति तथा पराक्रम का प्रदर्शन किया। पहली बार गणतंत्र दिवस परेड के दाैरान राजफत पर लड़ाकू विमान रफाल ने करतब दिखाए। इसने 900 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरी। रफाल को जब स्क्वॉड्रन लीडर किस्लयकांत के साथ शौय चक्र विजेता 17 स्क्वॉड्रन के कमांडिंग ग्रपु कैप्टन हरकीत सिंह उड़ा रहे थे को देखने वाले देखते रह गए। 

विद्यालय की प्राचार्या बोलीं-हम सबके लिए गर्व का विषय

धनबाद के लोगों को मंगलवार को जब पता चला कि राजपथ पर रफाल उड़ाने वालों में धनबाद का पूर्व छात्र किस्लयकांत शामिल हैं तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दिल्ली पब्लिक स्कूल धनबाद की प्राचार्या डॉ० सरिता सिन्हा ने अपनी भावनाओं को प्रकट करते हुए कहा कि यह हम सबके लिए अपार हर्ष और गर्व का विषय है कि हमारे पूर्व छात्र ने इस ऐतिहासिक अवसर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, राज्य और राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। हम सब ने जब इस ऐतिहासिक पल को दूरदर्शन पर देखा तो हमें अवर्णनीय प्रसन्नता की अनुभूति हुई। 

किस्लयकांत के माता-पिता को लोगों ने दी बधाई

प्राचार्या ने इस ऐतिहासिक अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से किस्लयकांत के पिता विजय नंदन सहाय (GM,BCCL) और माता रश्मि सहाय (शिक्षिका) को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उन्हें इस महान उपलब्धि का संपूर्ण श्रेय प्रदान किया। किस्लयकांत के उज्जवल भविष्य की कामना की। किस्लयकांत ने नर्सरी से 12वीं तक की पढ़ाई डीपीएस में की है। भारतीय वायुसेना में तैनात हैं। फ्रांस से राफेल लेकर भारत आए थे। धनबाद के लोगों ने भी उनके पिता को फोन कर बधाई दी। विद्यालय के मुख्य समन्वयक श्रीमान रेजा इश्तियाक उप प्राचार्या शर्मिला सिन्हा और समस्त शिक्षक- शिक्षिकाओं ने भी अपनी ओर से किशलय कांत को शुभकामनाएं दीं।

chat bot
आपका साथी