Investors Meet 2021: रांची स्मार्ट सिटी बनेगा विश्वस्तरीय शहर, सुडा निदेशक ने धनबाद से मांगा सहयोग

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत झारखंड की राजधानी रांची में विकसित हो रही स्मार्ट सिटी में झारखंड के निवेशकों को सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। 656 एकड़ जमीन पर विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना के साथ शहर के निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 03:57 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 09:29 PM (IST)
Investors Meet 2021: रांची स्मार्ट सिटी बनेगा विश्वस्तरीय शहर, सुडा निदेशक ने धनबाद से मांगा सहयोग
निवेशकों को संबोधित करते रांची स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार ( फोटो जागरण)।

धनबाद, जेएनएन। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत झारखंड की राजधानी रांची को विकसित किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी रांची में निवेश की काफी गुंजाइश है। इसके मद्देनजर निवेशकों को आकर्षित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य को लेकर सोमवार को धनबाद के न्यू टाउन हॉल में Investors Meet 2021 का आयोजन किया गया। इस माैके पर मुख्य रूप से रांची स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार उपस्थित थे। अमित कुमार धनबाद के उपायुक्त भी रह चुके हैं। वह यहां के पूंजीपतियों को अच्छी तरह से जानते हैं। उन्होंने धनबाद के लोगों से रांची स्मार्ट सिटी में निवेश करने की अपील की। 

रांची स्मार्ट सिटी बनेगा विश्वस्तरीय शहर

स्टेट अर्बन डेवलपमेंट ऑथोरिटी (सुडा) के निदेशक सह स्मार्ट सिटी रांची के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में न्यू टाउन हॉल में इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों को जोड़कर एक विश्वस्तरीय शहर बनाने का रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड का उद्देश्य है।  उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी को आधुनिक ज्ञान का केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसे एचईसी के 656 एकड़ भूखंड पर बनाया जा रहा है। यहां पर सारी आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

हर आय वर्ग के लिए बनेगा आवास

कुमार ने कहा कि झारखंड की राजधानी में विकसित हो रहे रांची स्मार्ट सिटी की पहचान आधुनिक ज्ञान के केंद्र और ट्रांजिट ओरिएंटेड शहर के रुप में होगी। इसके साथ ही यहां पर आईटी इनेबल्ड सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और झारखंड सरकार चाहती है कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप इस शहर का निर्माण हो इसलिए यहां पर हर आय वर्ग के लोगों के लिए आवासीय फ्लैट निर्माण को ध्यान में रखते हुए लैंड प्लॉट चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि रोड, ड्रेनेज, यूटिलिटी सर्विसेज, जलापूर्ति, विद्युत आपूर्ति के लिए विश्व स्तरीय आधारभूत संरचना का निर्माण अंतिम दौर में है। उन्होंने कहा धनबाद के निवेशक एक मजबूत दावेदारी ई ऑक्शन के माध्यम से स्मार्ट सिटी में प्रस्तुत करें।

धनबाद के निवेशकों में काफी क्षमता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त उमा शंकर सिंह ने कहा कि धनबाद के निवेशकों में काफी क्षमता है। रांची स्मार्ट सिटी एक ऐसा सुनहरा मौका दे रहा है जिससे स्थानीय स्तर पर विकास में भागीदारी के इच्छुक निवेशक अपने ही राज्य में निवेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के माध्यम से राज्य सरकार रांची को आधुनिक शिक्षा का केंद्र बना रही है। इसमें धनबाद का भी महत्वपूर्ण योगदान होना चाहिए। स्मार्ट सिटी की ओर से सहयोग के लिए धनबाद जिला प्रशासन आपके और स्मार्ट सिटी के बीच एक ब्रिज का काम करेगा। इससे पहले स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक श्री राकेश कुमार नंदकुलयार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए स्मार्ट सिटी योजना की पूरी जानकारी निवेशकों के समक्ष रखी और आश्वस्त किया कि अगर कोई तकनीकी दिक्कत होती है तो जगह-जगह पर स्मार्ट सिटी की ओर से आपको फैसिलिटेट किया जाएगा। कार्यक्रम में सीईओ स्मार्ट सिटी की ओर से जिन महत्वपूर्ण बिंदुओं की ओर निवेशकों का ध्यान आकृष्ट कराया गया वे इस प्रकार हैं।

रांची स्मार्ट सिटी आधुनिक ज्ञान का केंद्र बनेगा

विश्व के टॉप हंड्रेड यूनिवर्सिटी का कोई भी एक विश्वविद्यालय अगर दिलचस्पी दिखाता है तो उसे ₹1 में 25 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। शैक्षणिक क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियां शैक्षणिक क्षेत्र के लिए चिन्हित प्लॉट्स पर ऑक्शन करेंगे तो उनका कीमत आवासीय की तुलना में एक तिहाई रखा गया है।

chat bot
आपका साथी