राजकिशोर महतो के बेटे रजनीश महतो का निधन
धनबाद पूर्व सांसद व विधायक राजकिशोर महतो के बड़े पुत्र 51 वर्षीय रजनीश कुमार महतो उर्फ बबलू का बुधवार को निधन हो गया। बबलू हृदय रोग से पीड़ित थे। उनका शुगर लेवल भी काफी अधिक था। मंगलवार रात से उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई थी। बुधवार तड़के जब तबीयत अधिक बिगड़ी तो उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई। लेकिन अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही सुबह पांच बजे के करीब उन्होंने दम तोड़ दिया।
जागरण संवाददाता, धनबाद : पूर्व सांसद व विधायक राजकिशोर महतो के बड़े पुत्र 51 वर्षीय रजनीश कुमार महतो उर्फ बबलू का बुधवार को निधन हो गया। बबलू हृदय रोग से पीड़ित थे। उनका शुगर लेवल भी काफी अधिक था। मंगलवार रात से उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई थी। बुधवार तड़के जब तबीयत अधिक बिगड़ी तो उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई। लेकिन अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही सुबह पांच बजे के करीब उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार में पत्नी व एक पुत्र हैं। उनके निधन से उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
बबलू झारखंड आंदोलन के अगुआ बिनोद बिहारी महतो के पौत्र थे। उनके रिश्ते के भाई शंकर किशोर महतो के मुताबिक वे आजसू पार्टी के केंद्रीय समिति सदस्य भी थे। कोरोना काल को देखते हुए स्वजनों ने अंतिम संस्कार में अधिक विलंब करना मुनासिब नहीं समझा और पैतृक गांव बड़ादाहा में पुश्तैनी तालाब के किनारे उनका दाह संस्कार कर दिया गया। इस दौरान कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो भी मौजूद थे। बबलू के निधन पर आजसू के जिला अध्यक्ष सदानंद उर्फ मंटू महतो, केंद्रीय सदस्य हलधर महतो, रतिलाल महतो, संतोष महतो आदि ने शोक जताया है। हाल ही में लिया था कोरोना का टीका :
राजकिशोर महतो के विधायक प्रतिनिधि रहे आजसू के केंद्रीय सदस्य हलधर महतो के मुताबिक रजनीश उर्फ बबलू महतो ने 17 अप्रैल को ही कोरोना का टीका लिया था। इसके बाद से ही उन्हें बुखार और बदन दर्द था। मंगलवार की रात उन्हें सांस लेने में भी परेशानी होने लगी थी। स्वजन सुबह होने का इंतजार कर रहे थे। हालांकि सुबह होते-होते उनका निधन हो गया।