Indian Railways IRCTC: रेल मंत्री ने जसीडीह-गोवा एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, बाबूलाल और दीपक प्रकाश बने यात्री

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली से मंगलवार को आनलाइन जसीडीह-वास्को-द-गामा ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन वाया धनबाद चलेगी। पहले दिन झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने सवारी की।

By MritunjayEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 02:55 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 02:55 PM (IST)
Indian Railways IRCTC: रेल मंत्री ने जसीडीह-गोवा एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, बाबूलाल और दीपक प्रकाश बने यात्री
जसीडीह-गोवा साप्ताहिक ट्रेन वाया धनबाद चलेगी ( सांकेतिक फोटो)।

जागरण संवाददाता, देवघर। झारखंड के देवघर के नजदीक जसीडीह रेलवे स्टेशन से बास्को-द-गामा ( गोवा) के लिए ट्रेन का परिचालन शुरू हो गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को नई दिल्ली से आनलाइन जसीडीह में ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद ट्रेन वाया धनबाद बास्को-द-गामा के लिए चल पड़ी। पहले दिन झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने इस ट्रेन की सवारी की। दोनों जसीडीह से ट्रेन पर सवार होकर रांची के लिए निकले। इस माैके पर गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे, देवघर के विधायक नारायण दास, सारठ के विधायक रणधीर सिंह भी उपस्थित थे।

एक दिन पहले जसीडीह-पुणे ट्रेन का शुभारंभ

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को जसीडीह-पुणे ट्रेन को आनलाइन हरी झंडी दिखाई थी। यह ट्रेन झारखंड की सांस्कृतिक राजधानी से महाराष्ट्र के औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ेगी। जसीडीह स्टेशन पर सांसद डा. निशिकांत दुबे, विधायक नारायण दास, डीआरएम परमानंद शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन की रवानगी की। रेल मंत्री ने संबोधन में कहा कि जसीडीह-पुणे ट्रेन तीन ज्योतिर्लिंग को जोड़ेगी। पुणे में पढ़ाई करने जाने वाले छात्रों को लाभ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि जिन परिस्थितियों को हमने देखा है, वह वर्तमान पीढ़ी को नहीं देखना पड़े। भावी पीढ़ी के नौजवानों को बेहतर और सुलभ सुविधा दें। अंत्योदय की विचारधारा पूरा हो रहा है। सुरक्षा एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे निरंतर उस पर काम कर रहा है। कहा कि जसीडीह-पुणे एक्सप्रेस (साप्ताहिक) झारखंड और महाराष्ट्र के बीच सीधे संपर्क का मार्ग प्रशस्त करेगी । झारखंड के लोगों को महाराष्ट्र के औद्योगिक रूप से विकसित क्षेत्रों के साथ अधिक संपर्क का लाभ मिलेगा। उच्च शिक्षा के लिए झारखंड से दूसरे राज्यों में प्रवास करने वाले छात्रों को उनके गृह नगर से अध्ययन के स्थान तक परिवहन के इस आसान साधन से अत्यधिक लाभ होगा। इसके अलावा, बैद्यनाथधाम स्थित भगवान शिव के मंदिर के आसपास के अन्य क्षेत्रों के तीर्थयात्री भी इस ट्रेन के शुरू होने से लाभान्वित होंगे। सांसद डा. निशिकांत दुबे की प्रशंसा करते कहा कि वह क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए बलपूर्वक अपनी बातों को रखते हैं। उसके बाद उस पर लगातार फालोअप करते हैं। संसद में भी विकास योजनाओं पर अपनी बातों को रखते हैं। और लगातार रखते हैं, उनसे यह सीखना चाहिए।

निशिकांत ने बताई ट्रेन की विशेषता

सांसद डा. निशिकांत दुबे ने जसीडीह-पुणे साप्ताहिक ट्रेन बैद्यनाथ धाम, काशी विश्वनाथ और त्रयंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग को जोड़ेगी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा, समर्पण के रूप में मना रही है। आजादी के बाद यह पहला मौका है जब किसी लोकसभा क्षेत्र में इतनी सौगात एक साथ दी गयी हो। रेल मंत्री लगातार रेल सुविधाओं का लोकार्पण कर रहे हैं। मौके पर मधुपुर नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन संजय यादव, रेडक्रास सोसायटी के पूर्व चेयरमैन अरूण गुटगुटिया मुख्य रूप से मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी