DMC Elections: कोरोना के कम होते ही चुनाव की तैयारियों ने पकड़ा जोर, 29 जून को होगा मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन

Dhanbad Municipal Corporation Elections मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 29 जून को होगा। मतदाता सूची के सापेक्ष दावा एवं आपत्ति और उसका निराकरण 10 जुलाई तक हर हाल में कर लेना है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 14 जुलाई को होगा।

By MritunjayEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 08:31 AM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 08:33 AM (IST)
DMC Elections: कोरोना के कम होते ही चुनाव की तैयारियों ने पकड़ा जोर, 29 जून को होगा मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन
धनबाद नगर निगम चुनाव की तैयारी ( सांकेतिक फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। धनबाद नगर निगम चुनाव के लिए क्षेत्रवार मतदाता सूची का विखंडीकरण 28 जून तक कर लेना है। मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 29 जून को होगा। मतदाता सूची के सापेक्ष दावा एवं आपत्ति और उसका निराकरण 10 जुलाई तक हर हाल में कर लेना है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 14 जुलाई को होगा। अंतिम रूप से तैयार मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी पीडीएफ फॉर्मेट में साथ ही उसका डेटाबेस सीडी या डीवीडी में राज्य निर्वाचन आयोग को 16 जुलाई तक उपलब्ध करा देना है।

मतदाता सूची को वार्डवार विखंडित कर मतदाता सूची तैयार की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग का कहना है कि कोविड-19 महामारी के कुप्रभाव के कारण एक वर्ष से अधिक व्यतीत हो चुका है। नगरपालिका के निर्वाचन के लिए पहले से तैयार की गई मतदाता सूची वर्तमान में प्रासंगिक नहीं रही। मौजूदा समय में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची 2021 में अद्यतन किया जा चुका है। ऐसी परिस्थिति में निर्वाचन विभाग झारखंड के एक जनवरी 2021 को अहर्ता तिथि मानकर अंतिम रूप से प्रकाशित झारखंड विधानसभा की अद्यतन फोटोयुक्त मतदाता सूची को ही आधार माना जाएगा। इसी आधार पर नगरपालिका निर्वाचन के लिए मतदाता सूची वार्डवार विखंडित कर तैयार की जाए।

        नगर पालिका चुनाव के लिए महत्वपूर्ण निर्देश नगर पालिका के निर्वाचन के लिए वार्डवार मतदाता सूची तैयार की जाएगी। प्रत्येक वार्ड के लिए अलग-अलग उस वार्ड के लिए चयनित मतदान केंद्रवार मतदाता सूची तैयार होगी। यह मतदाता सूची फोटो युक्त होगी। मतदाता सूची में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या, भाग संख्या, क्रम संख्या, गृह संख्या, मतदाता का नाम, माता-पिता या पति का नाम, पुरुष महिला, आयु, मतदाता का फोटो एवं इपिक संख्या का उल्लेख होगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या, भाग संख्या एवं क्रम संख्या प्रत्येक मतदाता के लिए अंकित किया जाना है। इसलिए फोटोयुक्त मतदाता सूची के एक पृष्ठ में 30 मतदाताओं का नाम उनकी फोटो एवं इपिक नंबर सहित समाहित किए जाएंगे। जिस डिजाइन में भारत निर्वाचन आयोग की फोटोयुक्त मतदाता सूची है, उसी डिजाइन, रूप, आकार और लेआउट में नगर निगम के लिए भी फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार होगी।  विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में जिन मतदाताओं का नाम अंकित है, सिर्फ उनका ही नाम नगरपालिका के निर्वाचन हेतु वार्डवार केंद्रवार मतदाता सूची के प्रारूप में शामिल किया जाएगा। नगरपालिका के किसी वार्ड विशेष के प्रारूप मतदाता सूची में उसी मतदाता को शामिल किया जाएगा, जो विधानसभा क्षेत्र के लिए तैयार की गई मतदाता सूची में अंकित प्रविष्टियों के अनुसार नगरपालिका के संबंधित वार्ड विशेष का निवासी हो।

chat bot
आपका साथी