महासप्तमी के अवसर पर झरिया के विभिन्न क्षेत्रों में निकली कलश शोभा यात्रा

दुर्गापूजा महा सप्तमी के शुरू होते ही झरिया के पांच प्राचीन दुर्गा मंदिरों और लगभग दो दर्जन पूजा पंडाल में मां दुर्गा की आराधना शुरू हो गई है। मंदिर और पंडालों में वैदिक मंत्रोचार से पुजारी मां दुर्गा का आह्वान कर रहे हैं।

By Atul SinghEdited By: Publish:Tue, 12 Oct 2021 03:56 PM (IST) Updated:Tue, 12 Oct 2021 03:56 PM (IST)
महासप्तमी के अवसर पर झरिया के विभिन्न क्षेत्रों में निकली कलश शोभा यात्रा
मंदिर और पंडालों में वैदिक मंत्रोचार से पुजारी मां दुर्गा का आह्वान कर रहे हैं। (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)

जासं, झरिया : दुर्गापूजा महा सप्तमी के शुरू होते ही झरिया के पांच प्राचीन दुर्गा मंदिरों और लगभग दो दर्जन पूजा पंडाल में मां दुर्गा की आराधना शुरू हो गई है। मंदिर और पंडालों में वैदिक मंत्रोचार से पुजारी मां दुर्गा का आह्वान कर रहे हैं। इस अवसर पर गोलकडीह, एमओसीपी, बस्ताकोला, धनसार आदि क्षेत्रों में गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश शोभायात्रा भी निकली। महिलाएं सिर में कलश रखकर मां की जयकार लगाते हुए नगर भ्रमण कर पास के तालाब में पहुंची। गंगा पूजन कर कलश में पुजारी ने जल भराया। इसके बाद श्रद्धालु नगर भ्रमण करते हुए पुन: दुर्गापूजा पंडाल पहुंचे। झरिया शहर और इसके आसपास क्षेत्रों में दुर्गा पूजा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।

चौक चौराहों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस हैं तैनात

झरिया में दुर्गापूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। दुर्गा मंदिरों, पूजा पंडालों और चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस की नियुक्ति की गई है। झरिया थाना प्रभारी पीके झा ने कहा कि पुलिस असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि प्रशासन की ओर से कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए पूजा करनी है।

झरिया शहर में वनवे हुई ट्रैफिक व्यवस्था

दुर्गापूजा को लेकर झरिया शहर में सड़क जाम की समस्या को दूर करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से वन वे ट्राफिक व्यवस्था की गई है। इंदिरा चौक के पास तैनात पुलिस ऊपर कुली मार्ग से चार पहिया यात्री और भारी वाहनों को जाने का निर्देश दे रहे हैं। तीन दिनों तक झरिया बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। विभिन्न पूजा पंडालों के पास थाना शांति समिति और दुर्गापूजा समिति के लोग भी पुलिस को सहयोग कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी