जानें-काैन है प्रिसं खान ? Wasseypur के डान को दी सीधी चुनाैती, उसके बेटों को कुत्ते की माैत मारने का एलान

Gangs of Wasseypur प्रिंस खान ने वीडियो जारी कर कहा है कि फहीम खान और उसका बेटा का जो भी काम करेगा चाहे कोई भी हो उसको कुत्ते की मौत मारेंगे। बहुत बुरा मारेंगे अगर वह नहीं मिलेगा तो उसके घरवालों को भी मारेंगे।

By MritunjayEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 07:55 AM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 08:14 AM (IST)
जानें-काैन है प्रिसं खान ? Wasseypur के डान को दी सीधी चुनाैती, उसके बेटों को कुत्ते की माैत मारने का एलान
फहीम खान का भांजा प्रिंस खान ( फाइल फोटो)।

जासं, धनबाद। देश-दुनिया में अपराध और गैंगवार के लिए मशहूर धनबाद शहर के मध्य स्थित मुस्लिम बहुल वासेपुर में एक बार फिर खून-खराबा तेज हो गया है। कभी वासेपुर में फहीम खान का सिक्का चलता था। उसपर फिल्मकार अनुराग कश्यम ने 'Gangs of Wasseypur' नाम से दो पार्ट में फिल्म भी बनाई थी। इलाके में फहीम डान के नाम से जाना जाता है। वह जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। वासेपुर से दूर होने और उम्र हो जाने के कारण उसे सीधी चुनाैती मिल रही है। यह चुनाैती किसी और से नहीं बल्कि परिवार के अंदर से ही मिली है। कहा जाता है कि पहले प्रिंस, फहीम के लिए ही काम करता था। अब फहीम के सल्तनत के साथ ही उसके बेटों का भी सफाया करना चाहता है। इसका एलान वीडियो जारी कर किया है।

नन्हे की हत्या के बाद प्रिंस का आया वीडियो

बुधवार, 24 नवंबर को जमीन कारोबारी महताब आलम उर्फ नन्हे खान को वासेपुर में गोलियो से भून दिया गया। इसके बाद प्रिंस ने एक वीडियो जारी किया। साथ ही चिट्ठी भी जारी की। दोनों में नन्हे की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए प्रिंस ने लाला खान की हत्या का बदला करार दिया है। वासेपुर में फहीम खान के करीबी जमीन कारोबारी महताब आलम उर्फ नन्हे की हत्या में फहीम गुट के लोग अपने विरोधी प्रिंस खान का नाम ले रहे हैं। जवाब में बुधवार देर शाम प्रिंस खान ने खुद वीडियो और पत्र जारी कर हत्या की जिम्मेदारी ले ली। यह पत्र और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

हुकका गुड़गुड़ाते हुए डान के सल्तनत को दी चुनाैती

वीडियो में प्रिंस खान हुक्का गुडग़ुड़ाते हुए बता रहा है कि नन्हे की हत्या उसके करीबी जमीन कारोबारी लाला खान की हत्या का बदला है। फहीम गुट ने उसके करीबी जमीन कारोबारी की हत्या कराई तो बदले में उसने उसके करीबी जमीन कारोबारी को मौत के घाट उतार दिया। प्रिंस खान बोल रहा है कि वह फहीम खान और उसके परिवार को खत्म कर देगा। जो भी फहीम का साथ देगा, उसका भी बुरा अंजाम होगा। यही नहीं वीडियो और पत्र में प्रिंस ने धनबाद के दूसरे गिरोहों को भी सीधी चुनौती दी है। उसने कहा कि धनबाद में अब कोई गैंग नहीं चलेगा। ना अमन सिंह गैंग ना फहीम गैंग। अब सिर्फ छोटे सरकार और बड़े सरकार की हूकूमत चलेगी। छोटे सरकार मतलब प्रिंस खान और बड़े सरकार मतलब उसका बड़ा भाई गोपी खान। बुरे लोगों को सजा देना ऊपरवाला का काम है और ऊपरवाले से मुलाकात कराना छोटे सरकार का काम है।

पूछा-क्या लाला खान गुंडा था

प्रिसं खान ने यह भी कहा है कि इकबाल खान चाउमिन और दूध बेचता है। वह नन्हे को बेकसूर बता रहा है तो क्या लाला खान गुंडा था। वह भी तो शरीफ व्यापारी था। लाला खान के पीछे उसका पैसा लगा हुआ था, इसलिए उसे मरवा दिया। उसे कमजोर करने के लिए। प्रिंस ने वीडियो में कहा कि लाला खान की हत्या का मास्टर माइंड नन्हे ही था। सारा दिमाग उसी ने फहीम व उसके तीनों पुत्रों को दिया था। कहा कि लाला खान को हटा दो तो वे लोग मिलकर कमाएंगे। चार महीना तक हमने इंतजार किया। पता किया कि लाला की हत्या के पीछे कौन है। डर से नहीं बैठे थे। जब पता चल गया तभी नन्हे को मारे हैं। प्रिंस यह भी कह रहा है कि केस करने की कोई जरूरत नहीं है। नन्हे की हत्या की वह खुद जिम्मेदारी लेता है।

फहीम के बेटों को अपने हाथ से मारेंगे

प्रिंस वीडियो में यह भी कह रहा है कि फहीम खान और उसका बेटा का जो भी काम करेगा, चाहे कोई भी हो, उसको कुत्ते की मौत मारेंगे। बहुत बुरा मारेंगे, अगर वह नहीं मिलेगा तो उसके घरवालों को भी मारेंगे। वैसे लोगों को धनबाद छोड़कर भागना होगा। यह कहा कि लड़ाई अब चालू हो गया है, रुकेगें नहीं। छह माह के अंदर फहीम खान का सल्तनत खत्म कर देंगे। फहीम खान के बेटा को अपने हाथ से मारेंगे। उसने यह भी कहा कि फहीम का छोटा बेटा रज्जन दुबई व लंदन रहने की बात करता है। दो दिन में पता चल जाएगा। बचाना है तो इकबाल अपने भाई को बचा ले। प्रिंस अंतिम में यह भी कह रहा है कि लाला खान की हत्या में शामिल लोगों को वह जानता है। उसमें जो कोई भी है, उसके हाथ से नहीं बचेगा। सब को मारेंगे। वादा है उसका वासेपुर के लोगों से।

अमन सिंह पर भी निशाना

प्रिंस कह रहा है कि अब अमन सिंह भी कुछ कर दिया तो उसके भाई का सिर यूपी में काटकर धनबाद स्टेशन पर टांग देंगे। हालांकि अमन से उसकी बात हुई है। उसने कहा है कि उसको अब नहीं लडऩा है। गलतफहमी में उसने लाला की हत्या करवाई। उससे झूठ बोलकर लाला को इनलोगों ने मरवाया। लाला की हत्या में अमन को रज्जन ने तीन लाख रुपये अग्रिम दिया था।

फहीम और प्रिसं का नाता

प्रिंस खान वासेपुर में डान के नाम से मशहूर फहीम खान की बहन का बेटा है। प्रिंस ने हाल के दिनों में अपराध की दुनिया में नाम कमाया है। कहा जाता है कि पहले फहीम खान के इशारे पर काम करता था। अब खुद अपना गैंग खड़ा कर लिया है। फहीम गैंग का सफाया कर वासेपुर में अपना इकछत्र राज कायम करना चाहता है। 

chat bot
आपका साथी