गांधी रोड में गोली कांड के बाद दो पक्षों में तनाव

संस धनसार गांधी रोड गोली कांड मामले में धनसार थाना पुलिस ने गुरुवार को घटना स्थल पर पह

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 11:36 PM (IST) Updated:Sat, 24 Apr 2021 03:43 AM (IST)
गांधी रोड में गोली कांड के बाद दो पक्षों में तनाव
गांधी रोड में गोली कांड के बाद दो पक्षों में तनाव

संस, धनसार : गांधी रोड गोली कांड मामले में धनसार थाना पुलिस ने गुरुवार को घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। पुलिस ने घरवालों व आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। पीड़ित सीता झा ने पुलिस से कहा कि 21 मार्च को पार्षद प्रतिनिधि संटू सिंह, अरविद सिंह, सुरेश सिंह, संतोष मिश्रा, छोटू ओझा, राजू ओझा सहित अन्य लोगों का विवाद मेरे पुत्र रिशु झा के साथ हुआ था। उक्त मामले में धनसार थाना में मामला भी दर्ज कराया गया था। गुरुवार की रात जब पूरा परिवार खाना खाकर सोने जा रहे थे, तभी छोटू ओझा, संतोष मिश्रा, राजू ओझा, टेकन सहित कई लोग मेरे घर पर आए। गेट पर खड़ा होकर गाली-गलौज कर रहे थे। जब दरवाजा खोला तो देखा कि छोटू हाथ में पिस्टल लेकर खड़ा था। उसने पिस्टल मेरी कनपटी में सटाते हुए कहा कि हमलोगों को संटू भैया ने भेजा है। तुम अपने केस से संटू भैया का नाम हटा लो। इतने में मेरे पति गौतम झा आ गए। इसके बाद हमलोग गेट लगाने लगे। गेट लगते ही छोटू ने गोली चला दी। गोली गेट को छेदते हुए पेट में लग गई।

सीता का आरोप है कि पूर्व रंजिश को लेकर पूर्व पार्षद प्रतिनिधि संटू सिंह के इशारे पर ही इनलोगों ने घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। गोली कांड के बाद भी धनसार थाना पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। दूसरी ओर भाजपा नेता दिलीप सिंह का कहना है कि पूर्व पार्षद प्रतिनिधि संटू सिंह के इशारे पर पुलिस थाना में मामला दर्ज नहीं कर रही है। मामले में छोटू ओझा ने स्वयं को बेकसूर बताया है। छोटू का कहना है कि रिशू झा ने सोची-समझी साजिश के तहत खुद ही घटना को अंजाम दिया है। पुलिसिया जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा। धनसार थाना पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन कर ही मामला दर्ज किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी