नार्थ तिसरा खदान से फिर हुआ जहरीली गैस का रिसाव; लोगों में मचा हड़कंप Dhanbad News

बीसीसीएल लोदना क्षेत्र संख्या 10 की नार्थ तिसरा छह नंबर बंद खदान के समीप गैलरी से शुक्रवार की सुबह एक बार फिर तेजी से जहरीली गैस का रिसाव होने लगा है। गैस के साथ आग भी निकल रही है। इससे स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई है।

By Atul SinghEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 11:50 AM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 11:50 AM (IST)
नार्थ तिसरा खदान से  फिर हुआ जहरीली गैस का रिसाव; लोगों में मचा हड़कंप Dhanbad News
शुक्रवार की सुबह एक बार फिर तेजी से जहरीली गैस का रिसाव होने लगा है। (जागरण)

झरिया, जेएनएन : बीसीसीएल लोदना क्षेत्र संख्या 10 की नार्थ तिसरा छह नंबर बंद खदान के समीप गैलरी से शुक्रवार की सुबह  एक बार फिर  तेजी से जहरीली गैस का रिसाव होने लगा है। गैस के साथ आग भी निकल रही है।  इससे स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई है।

गैस रिसाव होने के बाद पास में काम करने वाले मजदूर  इधर-उधर भागने लगे। प्रबंधन ने उक्त स्थल पर  परियोजना के काम को बंद कर दिया। प्रबंधन गैस रिसाव को रोकने में जुटा है। पिछले दिनों भी यहां से गैस रिसाव हुआ था। आज आधा दर्जन से अधिक गैलरी के विभिन्न स्थलों से गैस के रिसाव के साथ काला धुआं निकल रहा है।

गैस रिसाव और धुआ से हाजिरी घर, एम ओ सी पी, बंगाली कोठी, गोकुल पार्क आदि क्षेत्रों पर खतरा मंडरा रहा है। जिधर  हवा बहती है उधर तेजी से गैस व धुआं जा रहा है। स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है। लोग जहरीली गैस से बीमार होने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।

लोगों ने प्रबंधन से शीघ्र गैस रिसाव को रोकने के लिए शीघ्र ठोस उपाय करने की मांग की है। झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के सचिव उमाशंकर प्रसाद ने कहा प्रबंधन को गैस रिसाव रोकने के लिए ठोस पहल करनी चाहिए।

गैस रिसाव स्थल पर बार-बार ओबी से भराई करने से दूसरी जगह गैस व आग निकालने लगती  है। इसलिए यहां के गैस रिसाव स्थल की ड्रिलिंग  करके पंचर करना चाहिए। ताकि गैस रिसाव को पूरी तरह से रोका जा सके। साथ ही देश को कीमती कोयला भी बचा रह सके। बीसीकेयू के फागु नापित ने कहा कि यदि पूर्व में ठीक से बालू की भराई  की गई होती तो आज यह स्थिति नहीं आती। पूर्व में बालू भराई के नाम पर जो घोटाला हुआ है। उसकी जांच कर दोषी अधिकारी पर कार्रवाई होनी चाहिए ।

chat bot
आपका साथी