धनबाद की आंत्रप्रन्योर व सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका को ट्विटर पर फॉलो करते हैं प्रधानमंत्री, ऐसी हैं शख्सियत

प्रियंका को फॉलो करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया है- ‘इस प्रकार आज कुछ देशभक्तों को फॉलो करके बहुत अच्छा लग रहा है।’

By Sagar SinghEdited By: Publish:Fri, 04 Sep 2020 07:10 PM (IST) Updated:Fri, 04 Sep 2020 07:20 PM (IST)
धनबाद की आंत्रप्रन्योर व सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका को ट्विटर पर फॉलो करते हैं प्रधानमंत्री, ऐसी हैं शख्सियत
धनबाद की आंत्रप्रन्योर व सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका को ट्विटर पर फॉलो करते हैं प्रधानमंत्री, ऐसी हैं शख्सियत

धनबाद, जेएनएन। ये कभी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नहीं मिली हैं। फिर भी इन्हें प्रधानमंत्री ट्विटर पर फॉलो करते हैं। ये धनबाद की इकलौती ऐसी शख्सियत हैं, जिन्हें खुद पीएम अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए फॉलो करते हैं। पीएम देश के चंद गिने चुने लोगों को ही ट्विटर पर फॉलो करते हैं, इनमें से महावीर नगर की प्रियंका रंजन भी शामिल हैं। एक जनवरी 2020 से पीएम मोदी प्रियंका को ट्विटर पर फॉलो कर रहे हैं। अमूमन ऐसा होता है कि पीएम कुछ दिनों तक ही किसी को फॉलो करते हैं, लेकिन प्रियंका इस मामले में थोड़ी भाग्यशाली हैं। अभी तक पीएम फॉलो कर रहे हैं। जनवरी 2020 प्रियंका रंजन के लिए एक अलग तरह की खुशी लेकर आया। प्रियंका उन चुनिंदा लोगों में शुमार हुईं जिन्हें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फॉलो कर रहे हैं।

महावीर नगर की रहने वाली प्रियंका की मां डॉ. रीता शर्मा एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में दर्शनशास्त्र की विभागाध्यक्ष हैं। प्रियंका के पिता आरएसपी कॉलेज में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत हैं। प्रियंका की शादी बिहार के औरंगाबाद में रहने वाले राजेश रंजन के साथ हुई है। राजेश एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं। प्रियंका की शिक्षा धनबाद कार्मल स्कूल से हुई है। इसके बाद पंजाब टेक्नीकल यूनिवर्सिटी से बीटेक किया। प्रियंका इन दिनों अपनी पति राजेश रंजन के साथ बेंगलुरु में रहती हैं। प्रियंका भाजपा की आइटी सेल से जुड़ी हुई हैं। यहां काम करने के साथ खुद की आइटी कंपनी भी चलाती हैं। इस कंपनी की संस्थापकों में शामिल हैं। इसके साथ ही वह आर्ट ऑफ लिविंग से भी जुड़ी हैं, वहां योग शिक्षिका की भूमिका में हैं।

प्रियंका के ट्विटर पर 9 हजार फॉलोअर्स : प्रियंका के ट्विटर अकाउंट पर 8990 फॉलोअर्स हैं, खुद 1744 लोगों को फॉलो कर रही हैं। ट्विटर पर लगातार सक्रिय रहती हैं। उनके अधिकतर ट्वीट देश की मूल समस्याओं पर रहते हैं, जिस पर उन्हें काफी लाइक्स और री-ट्वीट मिलते हैं। अभी सुशांत सिंह राजपूत को इंसाफ दिलाने के लिए अपना प्रोफाइल जस्टिस फॉर एसएसआर कर रखा है। प्रोफाइल में खुद को आंत्रप्रन्योर, डिजीटल निंजा, सोशल वर्कर, एओएल टीचर, अमेज फाउंडेशन की नेशनल एग्जीक्यूटिव मेंबर और फॉलोड बाइ ऑनरेबल पीएम अपडेट कर रखा है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के साथ-साथ दुनिया भर के 61.8 मिलियन लोग टविटर परिषद फॉलो कर रहे हैं, लेकिन खुद प्रधानमंत्री पूरी दुनिया में केवल 2,350 लोगों को ही फॉलो करते हैं। जिन्हें वह खुद फॉलो कर रहे हैं, उनमें उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ देश में अपने क्षेत्र की नामचीन और समाज में कुछ अलग कर रहीं शख्सियतें शामिल हैं। इनमें अब झारखंड के धनबाद की प्रियंका रंजन का नाम भी जुड़ गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट : प्रियंका को फॉलो करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया है- ‘इस प्रकार आज कुछ देशभक्तों को फॉलो करके बहुत अच्छा लग रहा है।’ वहीं अपने फॉलोवर्स में प्रधानमंत्री को देखकर प्रियंका काफी खुश हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को रिप्लाई करते हुए धन्यवाद दिया और लिखा कि देशसेवा के प्रति उनका समर्पण उन्हें राष्ट्र के लिए योगदान देने को प्रेरित करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री को अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की सलाह दी।

chat bot
आपका साथी