पीओ की ओर से पानी, बिजली काटने की चेतावनी देने पर भड़के लोग; किया विरोध Dhanbad News

नार्थ तिसरा परियोजना के पास रहने वाले लोगों की ओर से घर खाली नहीं करने पर परियोजना पदाधिकारी पंकज कुमार ने पानी बिजली काटने की चेतावनी दी है। इससे यहां के लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हमलोगों को सुरक्षित जगह पुनर्वास कराइए।

By Atul SinghEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 05:50 PM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 05:50 PM (IST)
पीओ की ओर से  पानी, बिजली काटने की चेतावनी देने पर भड़के लोग; किया विरोध Dhanbad News
लोगों का कहना है कि हमलोगों को सुरक्षित जगह पुनर्वास कराइए। (जागरण)

झरिया-तिसरा, जेएनएन  : नार्थ तिसरा परियोजना के पास रहने वाले लोगों की ओर से घर खाली नहीं करने पर परियोजना पदाधिकारी पंकज कुमार ने पानी, बिजली काटने की चेतावनी दी है। इससे यहां के लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हमलोगों को सुरक्षित जगह पुनर्वास कराइए। हम लोग यहां से जाने को तैयार हैं।

पानी, बिजली काटने की चेतावनी नहीं दें। मंगलवार को परियोजना पदाधिकारी पंकज कुमार चेक पोस्ट के ऊपर सेंटर धौड़ा पहुंचे। भरत यादव को स्पष्ट रूप से कहा कि  शुक्रवार तक गोकुल पार्क में जहां जमीन दी गई है। यहां का आवास खाली कर चले जाएं। आवास खाली नहीं करने पर पानी, बिजली काट देंगे। जरूरत पड़ी तो अवैध रूप से रहने के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी कर सकते हैं। परियोजना पदाधिकारी के इस हरकत से बगल में रहने वाले कुमार सोमिल, पंकज कुमार, नागेंद्र पांडेय आदि ने विरोध किया। लोगों का कहना है कि पहले हमें सुरक्षित स्थान पर बसाएं। इसके बाद ही पानी, बिजली काटें।

आखिर किस नियम के तहत परियोजना के इतने करीब में हैवी ब्लास्टिंग कराई जा रही है। ब्लास्टिंग होने से हमारे घरों को नुकसान हो रहा है। पत्थर से लोग बाल-बाल बच रहे हैं। जिस जगह हम लोग रहते हैं। उससे एक 100 मीटर के अंदर ड्रिल मशीन से ब्लास्टिंग के लिए होल कराया जा रहा है। क्या यह नियम के विरुद्ध नहीं है। परियोजना का हम लोग विरोधी नहीं हैं। लेकिन हमें हमारा हक मिलना चाहिए।  परियोजना पदाधिकारी ने कहा कि हम लोग प्रयास कर रहे हैं। जल्द लोगों को विस्थापित किया जाएगा। जहां तक ब्लास्टिंग का सवाल है। नियम के तहत आबादी से डेढ़ सौ मीटर से भी आगे कर रहे हैं। लोग विरोध करेंगे तो कानून का सहारा लेंगे। प्रबंधन और लोगों के बीच गतिरोध जारी है।

chat bot
आपका साथी