पानी के लिए झरिया में मचा हाहाकार

जाटी झरिया जामाडोबा जल संयंत्र की लचर व्यवस्था के कारण पांचवें दिन भी झरिया व आसपास के

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 06:59 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 06:59 PM (IST)
पानी के लिए झरिया में मचा हाहाकार
पानी के लिए झरिया में मचा हाहाकार

जाटी, झरिया : जामाडोबा जल संयंत्र की लचर व्यवस्था के कारण पांचवें दिन भी झरिया व आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हुई। छह लाख से अधिक लोगों में पानी के लिए हाहाकार मच गया है। सरकार, प्रशासन व झमाडा प्रबंधन कान में तेल डालकर सोया हुआ है। शुक्रवार को विश्वकर्मा पूजा व करम एकादशी के अवसर पर भी लोगों को पानी नहीं मिला। पांच दिनों से लाखों लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। डेढ़ सौ रुपये प्रति ड्राम पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं। पांच दिनों से जलापूर्ति के ठप रहने से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को नई दुनिया मोहल्ले में अर्धनग्न प्रदर्शन कर विरोध जताया। जल्द जलापूर्ति नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।

कु्आं से पानी लेने के सवाल पर लक्ष्मनिया मोड़ केसी बालिका विद्यालय के पास दो पक्षों में बवाल हो गया। गुरुवार को झमाडा की दो पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। झरिया व आसपास क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित है। झमाडा व अन्य कर्मी पाइप की मरम्मत में लगे हैं। दो दिनों तक जलापूर्ति नहीं होने की संभावना है। झमाडा के कर्मियों ने कहा कि संयंत्र के 12 एमजीडी प्लांट के निकट झरिया जलागार जाने वाली पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण समस्या उत्पन्न हुई है। झरिया वन को जलापूर्ति बंद करनी पड़ी। भौंरा पाथरडीह की पाइप लाइन भी बड़कीटांड के निकट पप्पू के घर के पास क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप के ऊपर पक्का घर बना लिया गया। इसका खुलासा अब हुआ है। यहां पर झमाडा की ओर से भल्व लगाया गया है। इससे भौंरा लाइन में पानी जाता है। इसे बंद करने के बाद फुसबंगला भाल्व के माध्यम से पाथरडीह लाइन को खोला जाता हैं। झमाडा के अधिकारियों, कर्मियों ने आज तक किसी के खिलाफ कहीं शिकायत नहीं की।

----

झरिया में झमाडा के खिलाफ लोगों ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन

झमाडा के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण पांच दिनों से झरिया के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। संयंत्र में इसके पूर्व मोटर में खराबी आ गई थी। इसके पहले डीवीसी की बिजली कटौती से जलापूर्ति नहीं हुई। चार नंबर पंजाबी कुआं के पास स्थानीय आक्रोशित लोगों ने पांच दिनों से झरिया में जलापूर्ति बाधित रहने पर झमाडा के विरोध में अर्ध नग्न प्रदर्शन किया। गौतम मंडल, ऋषि खन्ना ने कहा कि झमाडा की जलापूर्ति नहीं होने से कुएं का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। यह भी नहीं मिल रहा है। झमाडा के अधिकारी, जनप्रतिनिधि कोई हमलोगों की समस्या का समाधान नहीं कर रहा है।

----

पूर्व पार्षद ने जल संयंत्र में जाकर दी आंदोलन की चेतावनी

पांच दिनों से झरिया में गंभीर जल संकट को लेकर शनिवार को पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव अन्य लोगों के साथ आज जामाडोबा जल संयंत्र पहुंचे। क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत करा रहे झमाडा के तकनीकी सदस्य इंद्रेश शुक्ला, शैलेंद्र सिंह व अन्य माडा कर्मियों से बाधित जलापूर्ति के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि कर्मी लगातार प्रयासरत हैं। आज मरम्मत का कार्य पूरा कर कल फिल्टर प्लांट में जल भंडारण कर जलापूर्ति करने की कोशिश करेंगे। अनूप ने जल्द जलापूर्ति नहीं होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। मौके पर अजय साहू, अमित मंडल, विनोद साव, नरेश साव, झुन्नू गुप्ता, सुनील तुलस्यान, अमित अग्रवाल थे।

----

जामाडोबा जल संयंत्र के पास व बड़कीटांड़ दो जगहों पर पाइप लाइन लीकेज हो गया है। शनिवार को ठीक करने के बाद रविवार से झरिया के लोगों को पानी की आपूर्ति की जा सकती है।

- पंकज झा, एसडीओ झमाडा धनबाद

chat bot
आपका साथी