Dhanbad Weather Report: बंगाल की खाड़ी में बना फिर लो प्रेशर; 17, 18 व 19 अक्टूबर को धनबाद में भारी बारिश की संभावना

धनबाद में फिर से एक बार जल प्रलय की संभावना बन रही है बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर होने के कारण 17 अट्ठारह 19 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है इस दौरान लोगों को एहतियात बरतने की सलाह भी दी जा रही है।

By Atul SinghEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 03:09 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 03:09 PM (IST)
Dhanbad Weather Report: बंगाल की खाड़ी में बना फिर लो प्रेशर; 17, 18 व 19 अक्टूबर को धनबाद में भारी बारिश की संभावना
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर से फिर से एक बार भारी बारिश की संभावना।

जागरण संवाददाता, धनबाद: बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर की वजह से शुक्रवार से ही धनबाद की फिजा बदली हुई है। आसमान में कभी बादल छा रहे हैं तो कभी धूप खिल रही है। शनिवार को भी धूप छांव की आंख मिचौनी जारी है। आज बारिश की संभावना नहीं है। पर 17 अक्टूबर की सुबह से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 17 अक्टूबर को बादल गर्जन के साथ झारखंड के उत्तर पूर्वी जिलों में भारी बारिश का खतरा है। धनबाद उत्तर पूर्वी हिस्से में ही है। इसके साथ ही जामताड़ा, देवघर समेत संथाल परगना के सभी जिले उत्तर पूर्वी हिस्से में ही आते हैं। इन जगहों पर 17 अक्टूबर की सुबह से ही जोरदार बारिश शुरू हो सकती है। बारिश का प्रभाव 18 और 19 अक्टूबर को भी जारी रह सकता है। मौसम विभाग की मानें तो 19 अक्टूबर की सुबह तक बारिश की संभावना बन रही है। भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। सड़कों पर भारी जलजमाव और निचले हिस्सों में बारिश से होने वाले खतरे को लेकर अलर्ट किया गया है। इससे पहले 29 और 30 सितंबर को हुई भारी बारिश की वजह से धनबाद में जल प्रलय जैसी परिस्थिति बन गई थी। सड़कों पर 3-4 फ़ीट तक जलजमाव हो गया था। घरों में पानी घुस गया था और मोहल्ले टापू में तब्दील हो गए थे। एक बार फिर भारी बारिश का खतरा मंडराने लगा है।

दो से 3 डिग्री तक गिरा तापमान

बादलों की आवाजाही की वजह से धनबाद के तापमान में दो से 3 डिग्री की गिरावट हो गई है। 35 से 36 डिग्री के बीच पहुंचा अधिकतम तापमान फिलहाल 33 डिग्री पर है। अगले एक-दो दिनों में धनबाद का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

chat bot
आपका साथी