खुदिया नदी में उपलता मिला कुख्यात चोर का शव, पुलिस मान रही काली मंदिर में चोरी का परिणाम Dhanbad News

निरसा पुलिस ने इलाके के कुख्यात चोर कमल साव का शव बरामद किया है। उसका शव मंगलवार की सुबह खुदिया नदी में भालजोरिया के पास श्मशान काली मंदिर तट पर मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।

By MritunjayEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 08:54 AM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 09:21 AM (IST)
खुदिया नदी में उपलता मिला कुख्यात चोर का शव, पुलिस मान रही काली मंदिर में चोरी का परिणाम Dhanbad News
खुदिया नदी तट पर श्मशान काली मंदिर के पास जुटी भीड़ और पुलिस ( फोटो जागरण)।

जागरण संवाददाता, निरसा। पुलिस ने निरसा थाना क्षेत्र के भालजोरिया स्थित श्मशान काली मंदिर के समीप खुदिया नदी से इलाके के चर्चित चोर कमल साव का शव बरामद किया है। शव नदी में उपल रहा था। मंगलवार की सुबह उसपर ग्रामीणों की नजर पड़ी। इसके बाद निरसा थाना को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची। शव की शिनाख्त कमल साव के रूप में हुई। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों का मानना है कि कमल की हत्या हुई है। हत्या का कारण श्मशान काली मंदिर में चोरी की घटना का परिणाम बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही घटना की सही जानकारी सामने आएगी।

बोरे के अंदर था शव

निरसा थाना अंतर्गत भालजोरिया स्थित श्मशान काली मंदिर के समीप खुदिया नदी में निरसा क्षेत्र के कुख्यात चोर 42 वर्षीय कमल साव का शव उपलता मिला। जानकारी होते ही सैकड़ों की संख्या में लोग व निरसा थाना के जवान श्मशान काली मंदिर पहुंचे। शव एक बोरे के अंदर था। लोगों का मानना है कि कमल साव की हत्या कर उसके शव को नदी में बहाने का प्रयास किया गया है।

श्मशान घाट काली मंदिर में चोरी

श्मशान घाट स्थित काली मंदिर से मां काली के सोने के जेवरात और मंदिर में रखे लगभग 10000 नगद रुपये गायब मिले। पुलिस एवं स्थानीय लोगों का मानना है कि मंदिर से चोरी करने के बाद चोरी के सामान के बंटवारे के क्रम में कमल साव एवं अन्य चोरों में विवाद हो गया होगा। अन्य चोरों ने कमल की हत्या कर दी होगी। इसके बाद उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए बोरे में डाल नदी में बहा दिया। निरसा थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

chat bot
आपका साथी