Jharia Road Accident: स्कॉर्पियो ने बाइक सवार मां-बेटे को राैंदा, दोनों की दर्दनाम माैत

Jharia Road Accident झरिया के दुखहरणी मंदिर के पास स्कॉर्पियो ने बाइक सवार बेटे और मां को राैंद दिया। दोनों की माैके पर ही माैत हो गई। लोगों ने पीछा कर भागा मोड़ के पास स्कॉर्पियो को पकड़ा। उसके आगे-पीछे अलग-अलग नंबर मिले।

By MritunjayEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 10:58 AM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 11:07 AM (IST)
Jharia Road Accident: स्कॉर्पियो ने बाइक सवार मां-बेटे को राैंदा, दोनों की दर्दनाम माैत
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार मां-बेटे की माैत हो गई।

धनसार, जेएनएन। Jharia Road Accident झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ दुखहरणी मंदिर के पास एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर ही परसाटांड़ निवासी 55 वर्षीय मंजू देवी और 24 वर्षीय पुत्र राहुल साव की मौत हो गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर झरिया थाना व बोर्रागढ ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे मे कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजा। घटना के बाद पुलिस ने स्कार्पियो को चालक सहित भागा मोड़ के समीप धर दबोचा। चालक अरविंद सिंह डिगवाडीह का रहनेवाला है। घटना की सूचना पाकर मृतक के घर परसाटांड़ भगतडीह में कोहराम मच गया।

राहुल साव अपनी मां मंजू देवी को बाइक पर बिठाकर शनिवार की शाम इलाज कराने के लिए झरिया अस्पताल की ओर जा रहा था। तभी दुखहरनी मंदिर के समीप धनबाद की ओर से आ रहे स्कार्पियो चालक ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद स्कार्पियो का एक टायर ब्लास्ट हो गया। चालक फटे टायर के साथ ही स्कार्पियो को तेज गति से भगा रहा था। झरिया थाना का पीसीआर वाहन इंदिरा चौक के पास खड़ा था। भागते स्कार्पियो की स्थिति देख पुलिस को शक हो गया। खदेड़कर स्कार्पियो को भागा मोड़ के पास पकड़ लिया। झरिया थाना के इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा और बोर्रागढ ओपी के प्रभारी सौरभ चौबे घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की।

शव देखकर फफककर रोने लगे परिवार के लोग

दुर्घटना की सूचना पाकर मृतक राहुल के पिता सहदेव साव घटनास्थल पर पहुंचे। पुत्र और पत्नी का शव देखते ही फफक कर रोने लगे। थोड़ी देर मे ही मृतक राहुल का बड़ा भाई अनिल साव और छोटी बहन बंटी कुमारी भी पहुंचे। सभी पछाड़ मार कर रोने लगे। स्थिति को बिगड़ते देख झरिया थाना पुलिस ने आनन-फानन में शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।

स्कार्पियों के आगे-पीछे अलग-अलग है नंबर

जिस स्कार्पियो ने बाइक सवार राहुल व उनकी मां मंजू को टक्कर मारी थी। उस स्कार्पियो के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर अंकित है। पुलिस इसकी गंभीरता से छानबीन में जुटी है। पुलिस इस छानबीन में लगी है कि आखिरकार यह स्पैलिंग मिस्टेक है या गलत कार्य के लिए नंबर को अलग-अलग बदल.कर रखा गया था।

घटना के बाद स्कार्पियो को जब्त कर लिया गया है। पीड़ित परिवार के साथ सहानुभूति है। वाहन के अलग-अलग नंबर की भी जांच की जा रही है।

- पंकज कुमार झा, झरिया थाना प्रभारी।

chat bot
आपका साथी