Dhanbad Weather Forecast: बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर का दिखा असर; देर रात झमाझम, अगस्त में भी खूब बरसेंगी सावनी फुहार

मानूसनी बारिश के मामले में धनबाद जुलाई में पिछड़ गया है। गुजरे सप्ताह में यहां महज एक फीसद अधिक बारिश का आंकड़ा दर्ज। 22 से 29 जुलाई के दौरान हुई बारिश सामान्य से केवल एक प्रतिशत अधिक है। विभाग ने अगस्त महीने में अच्छी बारिश का अनुमान जताया है।

By Atul SinghEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 10:19 AM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 10:19 AM (IST)
Dhanbad Weather Forecast: बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर का दिखा असर; देर रात झमाझम, अगस्त में भी खूब बरसेंगी सावनी फुहार
मानूसनी बारिश के मामले में धनबाद जुलाई में पिछड़ गया है। (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)

जागरण संवाददाता, धनबाद : मानूसनी बारिश के मामले में धनबाद जुलाई में पिछड़ गया है। गुजरे सप्ताह में यहां महज एक फीसद अधिक बारिश का आंकड़ा दर्ज हुआ है। 22 से 29 जुलाई के दौरान हुई बारिश सामान्य से केवल एक प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग ने अगस्त महीने में अच्छी बारिश का अनुमान जताया है। गुरुवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक 30 जुलाई से पांच अगस्त तक राज्य के कुछ हिस्से में भारी बारिश का अनुमान है। इसके बाद छह से 12 अगस्त के बीच सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बना हुआ है जिसका प्रभाव पश्चिम बंगाल के साथ झारखंड पर भी दिखने लगा है। दूसरी ओर, मानसून के बादलों की श्रृंखला भी खाड़ी के लो प्रेशर की ओर बढ़ रहे हैं। मानसूनी बादलों की आवाजाही झारखंड होकर ही हो रही है। इससे राज्य के अलग-अलग हिस्से में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। गुरुवार रात पूरे शहर में घंटों जमकर बारिश हुई। इससे शहर की सड़कें तालाब बन गईं। कई मोहल्ले जलमग्न हो गए और घरों में बारिश का पानी घुस गया। 30 जुलाई को उत्तर पूर्वी जिलों में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

जामताड़ा और साहिबगंज छोड़ संताल के सभी जिले बारिश में इस हफ्ते फिसले

मानसूनी बारिश के मामले में धनबाद से सटा पड़ोसी जिला जामताड़ा अब भी उत्तर पूर्वी जिलों में सबसे अच्छी स्थिति में है। संताल के साहिबगंज जिले में भी अच्छी बारिश हुई है। पर अन्य जिले मानसूनी बारिश में पिछड़ गए हैं।

22 से 29 जुलाई तक किस जिले में कितना प्रतिशत बारिश

धनबाद - सामान्य से 1 प्रतिशत ज्यादा

गिरिडीह - सामान्य से 37 फीसद कम

देवघर - सामान्य से 31 प्रतिशत कम

दुमका - सामान्य से 65 फीसद कम

पाकुड़ - सामान्य से 81 प्रतिशत कम

गोड्डा - सामान्य से 16 फीसद कम

जामताड़ा - सामान्य से 129 फीसद ज्यादा

साहिबगंज - सामान्य से 104 फीसद ज्यादा

आज धनबाद का अधिकतम तापमान 29 डिग्री पर रहने का अनुमान

गुरुवार को शहर में धूप-छांव के बीच थम-थम कर फुहारें बरसती रहीं। इससे पहले बुधवार की रात भी मौसम का मिजाज बदल गया और गरज के साथ बारिश हुई। आसमान में बादल छाने और हल्की फुहारों ने तापमान बदल दिया है। 34 डिग्री तक पहुंचा अधिकतम तापमान गुरुवार को 31 डिग्री पर रहा। शुक्रवार को इसमें दो डिग्री की और गिरावट की संभावना है। यानी धनबाद का अधिकतम तापमान शुक्रवार को 29 डिग्री पर रहेगा। तापमान में कमी आने से गर्मी की पतिश कम झेलनी होगी।

chat bot
आपका साथी