राज खुलने के भय से मिटू कश्यप ने की पति की हत्या

संवाद सहयोगी चिरकुंडा तालडांगा हाउसिग कॉलोनी निवास विनोद झा की पत्नी गीता झा ने चिर

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 07:12 PM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 07:12 PM (IST)
राज खुलने के भय से मिटू कश्यप ने की पति की हत्या
राज खुलने के भय से मिटू कश्यप ने की पति की हत्या

संवाद सहयोगी, चिरकुंडा : तालडांगा हाउसिग कॉलोनी निवास विनोद झा की पत्नी गीता झा ने चिरकुंडा निवासी मिटू कश्यप पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। गीता झा ने पुलिस को दिए अपने फर्द बयान में कहा है कि मिटू कश्यप ने दुश्मनी के कारण उसके पति विनोद झा की गोली मारकर हत्या कर दी। उसे अपना राज खुलने का डर था। चिरकुंडा थाना अंतर्गत तालडंगा हाउसिग कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर विनोद झा की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने गीता झा के फर्द बयान के आधार पर मिटू कश्यप व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने मृतक के आवास पर गुरुवार की सुबह उसकी पत्नी का फर्द बयान लिया। पुलिस को दिए गए फर्द बयान में पत्नी गीता झा ने कहा कि मिटू कश्यप सूद का काम करता है। उसका पति उसका सूद की वसूली करता था। बदले में वह कुछ खर्चा दे देता था। वर्ष 2011 से उसका पति उसके साथ काम करता था, लेकिन पिछले साल अक्टूबर में उसके पति ने काम करना छोड़ दिया क्योंकि मिटू बड़ा कांड करना चाहता था। कॉलोनी के शिवरतन प्रसाद, अनिल पासवान, निरंजन अग्रवाल व संतोष मिश्रा का अपहरण कर मोटी रकम लेने का प्लान बनाया गया था। इसमें उसके पति को साथ देने के लिए कहा था। उसके पति ने इसमें उनलोगों का साथ नहीं दिया व अपना काम करने लगे। इस पर मिटू कश्यप ने घर आकर भी दबाव देने का प्रयास किया, लेकिन वह तैयार नहीं हुए। इसके बाद से ही वह धमकी देने लगा। मिटू को यह डर भी सता रहा था कि उसके पति उसके साथ लंबे अरसे तक रहे हैं इसलिए सारे काले कारनामों को जानते हैं। उसे आशंका थी कि काले कारनामों को उजागर न कर दें, इसलिए बुधवार को दिनदहाड़े पौने तीन बजे हाउसिग कॉलोनी के दुर्गा मंदिर के पास मिटू कश्यप ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर उसके पति को गोली मारकर हत्या कर दी।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद चिरकुंडा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव, एसआइ सालो हेंब्रम व अन्य पुलिस कर्मी मिटू कश्यप को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चला है।

-----------------

बराकर नदी घाट पर पुत्र ने दी मुखाग्नि

विनोद झा का शव पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार की शाम 4:30 बजे तालडंगा हाउसिग कॉलोनी स्थित उसके आवास पर लाया गया। शव आते ही वहां कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी गीता झा, बेटी निकिता झा व बेटा अभिषेक झा सहित परिवार के लोग दहाड़ मारकर रोने लगे। पूरा माहौल गमगीन हो गया था। बराकर नदी घाट पर पुत्र अभिषेक झा ने मुखाग्नि दी। दाह संस्कार में कांग्रेस नेता सुरेश चंद्र झा, नागेंद्र सिंह, परमानंद सिंह, कृष्णा सिंह, पार्षद पप्पू सिंह, शशिभूषण नाथ तिवारी, वरुण डे आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी