Dhanbad Weather Update: सर्दी में बारिश की फुहारें, सुबह से हो रही बूंदा-बांदी; जानें कब तक ऐसा रहेगा माैसम का मिजाज

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का चक्रवाती क्षेत्र अब आंध्र प्रदेश के उपर कम दबाव के क्षेत्र के रूप में बना हुआ है। इसका टर्फ लाइन आसपास के राज्यों तक फैला हुआ देखने को मिल रहा है।

By MritunjayEdited By: Publish:Sat, 13 Nov 2021 08:58 AM (IST) Updated:Sat, 13 Nov 2021 09:14 AM (IST)
Dhanbad Weather Update: सर्दी में बारिश की फुहारें, सुबह से हो रही बूंदा-बांदी; जानें कब तक ऐसा रहेगा माैसम का मिजाज
धनबाद में सुबह से हो रही बूंदा-बांदी।

जागरण संवाददाता, धनबाद। माैसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार रात तक माैसम सामान्य था। शनिवार सुबह होने के बाद धूप निकलने के बजाय अंधेरा छा गया। इसके बाद बूंदा-बांदी शुरू हो गई। शहर के साथ-साथ धनबाद ग्रामीण क्षेत्रों और पड़ोस के जिले बोकारो, गिरिडीह और जामताड़ा में भी आसमान में बादल छाए हुए हैं। बूंदा-बांदी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर आसमान में मध्यम दर्जे के बाद छाए रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है।

इस वजह से माैसम में बदलाव

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का चक्रवाती क्षेत्र अब आंध्र प्रदेश के उपर कम दबाव के क्षेत्र के रूप में बना हुआ है। इसका टर्फ लाइन आसपास के राज्यों तक फैला हुआ देखने को मिल रहा है। इसके कारण राज्य में अगले तीन दिनों तक लगातार बारिश के साथ मेघ गर्जन की भी संभावना है। शनिवार को राज्य के दक्षिणी और मध्यम हिस्से रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, और सरायकेला-खरसावां में दिन में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही झारखंड के उत्तरी छोटानागपुर और संताल परगना में भी हल्की बारिश होगी। शनिवार के साथ ही रविवार को भी बूंदा-बांदी होने के आसार हैं।

पोस्ट मानसून की स्थिति बेहतर

राज्य में पोस्ट मानसून बारिश की स्थिति बेहतर है। राज्य में मानसून के जाने के बाद 39 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 185 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज किया गया। जबकि राज्य में मानसून के जाने के बाद सबसे कम बारिश पाकुर में 47 प्रतिशत अपेक्षित बारिश से कम वर्षापात दर्ज किया गया है।

पाकुड़ का तापमान सबसे अधिक

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहा। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान पाकुर में 32 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान मेदिनीनगर में 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

chat bot
आपका साथी