Satish Singh Murder Case: मास्टरमाइंड 'गांधी' ने आराम से किया आत्मसमपर्पण, हाथ मलती रह गई पुलिस
भाजपा विधायक राज सिन्हा के करीबी सतीश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में हाल ही में विकास सिंह ने धनबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। गुरुवार को हत्याकांड का मास्टरमाइंड सतीश साव उर्फ गांधी ने आत्मसमर्पण कर दिया। इसकी भनक पुलिस को नहीं लगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। भाजपा विधायक राज सिन्हा के करीबी केंदुआ मंडल भाजपा के उपाध्यक्ष सतीश सिंह हत्याकांड का आरोपित सतीश साव उर्फ गांधी ने गुरुवार को धनबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इसकी भनक पुलिस को नहीं लगी। वह आराम से धनबाद कोर्ट पहुंचा। न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद न्यायिक हिरासत में धनबाद जेल चला गया। जब इसकी जानकारी मिली तो पुलिस हाथ मलती रह गई। इससे पहले इसी हत्याकांड में विकास सिंह ने आत्मसमर्पण किया था। तब भी पुलिस को भनक नहीं लगी थी।
आत्मसमर्पण के लिए पुलिस का था दबाव
धनबाद के चर्चित भाजपा नेता सतीश सिंह को सरेआम गोली मारने के मामले में मास्टरमाइंड कहे जाने वाले विकास सिंह के शागिर्द सतीश साव ऊर्फ गांधी ने गुरूवार को पुलिसिया दबाव से तंग आकर अदालत में सरेंडर कर दिया। वरीय अधिवक्ता जया कुमार की दलील सुनने के बाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अर्जुन साव की अदालत ने गांधी को चौदह दिनों के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इसके पूर्व 24 जुलाई को विकास सिंह ने भी अदालत में सरेंडर कर दिया था जिसकी जमानत अर्जी 3 अगस्त को अदालत से खारिज हो चुकी है। अधिवक्ता जया कुमार ने बताया कि जमानत अर्जी बाद में दायर की जाएगी। सरेंडर करने के लिए गांधी दर्जनों समर्थकों के साथ कोर्ट आया था परंतु पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी। जबकि पुलिस उसकी तलाश में कई जगह छापेमारी कर चुकी थी। जेल गेट पर गांधी के दर्जनों समर्थकों की भीड़ जमी रही। भीड़ बढ़ती देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जेल गेट से गांधी के समर्थकों को हटाया ।
दिनदहाड़े हुई थी हत्या
19 अगस्त 2020 को भाजपा नेता सतीश सिंह को बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के विकास नगर के पास दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की गई थी । सीसीटीवी फुटेज में अपराधियों कि तस्वीर कैद हो गई थी। पुलिस ने दावा किया कि घटना के दिन बाबू राजा जिस बाइक पर बैठा था उसे उत्तम चला रहा था। बाबू ने ही सतीश को गोली मारी थी। दूसरी बाइक पर सतीश साव पीछे बैठा था जिसे बलियापुर निवासी कृष्णा दास चला रहा था। योजना के अनुसार अगर बाबू राजा की गोली से भाजपा नेता बच जाते तो सतीश साव उन्हें गोली मारता। पुलिस ने विकास सिंह एवं गांधी को इस मामले का मास्टरमाइंड बताया है।