भालगोरा कोलियरी में फर्जी हाजिरी बनाने का भंडाफोड़

संस धनसार बस्ताकोला क्षेत्र के एकीकृत ईस्ट भगतडीह भालगोरा न्यू पिट कोलियरी में सोमवार क

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 09:49 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 09:49 PM (IST)
भालगोरा कोलियरी में फर्जी हाजिरी बनाने का भंडाफोड़
भालगोरा कोलियरी में फर्जी हाजिरी बनाने का भंडाफोड़

संस, धनसार : बस्ताकोला क्षेत्र के एकीकृत ईस्ट भगतडीह भालगोरा न्यू पिट कोलियरी में सोमवार को फर्जी हाजिरी बनाने के खेल का भंडाफोड़ हुआ। छानबीन के दौरान हाजिरी बनाने वाले 50 से भी अधिक कर्मी ड्यूटी से गायब पाए गए। कोलियरी में इन दिनों पैसे लेकर फोन पर ही हाजिरी बनाई जा रही है। भंडाफोड़ जमसं कुंती गुट के पदाधिकारी अमर सिंह, रघुनंदन सिंह व संजय राय ने किया। इन लोगों ने हाजिरी बाबू और प्रबंधक धीरज कुमार रजक को खूब खरी-खोटी सुनाई। लोगों से घिरते देख प्रबंधक अन्य काम का बहाना बनाकर वहां से खिसक गए। मामले का खुलासा होते ही फर्जी हाजिरी बनाने वाले कर्मियों में हड़कंप मच गया। जमसं के लोगों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेतृत्व कर रहे अमर ने कहा कि दूसरी यूनियन के दबंग नेता के इशारे पर प्रबंधन की मिलीभगत से फर्जी हाजिरी बनाने का यहां खेल चरम पर है। रुपये लेकर फर्जी हाजिरी बनाने का खेल यहां चल रहा है। जो कर्मी रुपये देने से मना करते हैं, ड्यूटी आने के बाद भी उनकी हाजिरी काट दी जाती है। दूसरी यूनियन से जुड़े हाजिरी क्लर्क विद्यानंद सिंह पर फर्जी हाजिरी बनाने का आरोप लगाया। कहा कि बीते शनिवार को रवींद्र रजवार नामक कर्मी की हाजिरी काट दी गई। रविद्र का इतना ही कसूर था कि उसने हाजिरी बनाने के लिए रुपये नहीं दिए थे। इसके बाद मामला तूल पकड़ लिया। छानबीन में पता चला कि हाजिरी बनाकर 50 से अधिक कर्मी गायब हैं।

बताते हैं कि पूर्व में भी यहां कोयला भवन से आकर विजिलेंस टीम ने फर्जी हाजिरी बनाने के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया था। कई हाजिरी क्लर्क के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। फिर भी यह खेल चलता रहा। जमसं नेता अमर ने विजिलेंस व कोयला भवन के उच्चाधिकारियों से यहां फर्जी हाजिरी बनाने के खेल से अवगत कराते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की थी।

,,,,,

हाजिरी क्लर्क के तेवर से भड़के जमसं के लोग

कोलियरी में हाजिरी क्लर्क विद्यानंद की काफी धमक है। सोमवार को फर्जी हाजिरी बनाने को लेकर हंगामा हो रहा था, तभी प्रबंधक धीरज कुमार रजक विद्यानंद को बुलाकर मामले की जानकारी लेने लगे। विद्यानंद उल्टे प्रबंधक पर भड़क गया। कहा कि आप मुझे सस्पेंड कर दीजिए। हमारी यूनियन समझ लेगी। विद्यानंद से यह शब्द सुनते ही उपस्थित लोग आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। विद्यानंद ने कहा कि मेरे पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। प्रबंधन जांच करा ले। कुछ लोग दुर्भावना से मेरे खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

----

मामले की जांच कराई जाएगी। अगर कोई भी फर्जी हाजिरी बनाने का खेल करता है। दोषी पाए जाने पर उसपर कार्रवाई की जाएगी।

- सोमेन चटर्जी, जीएम बस्ताकोला।

chat bot
आपका साथी