महिला सखी मंडल अब खेत में उपजाएंगी अन्‍न, सरकार ने उपलब्‍ध कराई ट्रैक्‍टर Dhanbad News

वैसे तो गांव की महिलाएं खेतों में काम करती देख जाएंगी लेकिन अब इनके कार्य करने के तरीकों में बदलाव आएगा। सरकार की ओर से महिला सखी मंडलों को अत्याधुनिक ट्रैक्टर और रोटावेटर मशीन भूमि संरक्षण विभाग की ओर से दिया जा रहा है।

By Atul SinghEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 12:55 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 12:55 PM (IST)
महिला सखी मंडल अब खेत में उपजाएंगी अन्‍न, सरकार ने उपलब्‍ध कराई ट्रैक्‍टर Dhanbad News
रोटावेटर मशीन भूमि संरक्षण विभाग की ओर से दिया जा रहा है। (जागरण)

जागरण संवाददाता, धनबाद : वैसे तो गांव की महिलाएं खेतों में काम करती देख जाएंगी, लेकिन अब इनके कार्य करने के तरीकों में बदलाव आएगा। सरकार की ओर से महिला सखी मंडलों को अत्याधुनिक ट्रैक्टर और रोटावेटर मशीन भूमि संरक्षण विभाग की ओर से दिया जा रहा है। सरकार की कृषि यांत्रिकी योजना के तहत चार लाख रुपये के अनुदान पर यह अत्याधुनिक ट्रैक्टर और रोटावेटर उपलब्ध कराया गया है।

गोविंदपुर प्रखंड के साधाबोद गांव स्थित मां काली और बजरंग बली सखी मंडल की महिलाओं को एक-एक ट्रैक्टर और रोटावेटर प्रदान किया गया। जिला कृषि पदाधिकारी असीम रंजन एक्का ने बताया कि पारंपरिक तरीके से कृषि की जगह यांत्रिक खेती की तरफ राज्य बढ़ रहा है। ऐसे में जरुरी है कि किसानों को प्रोत्साहित किया जाए। योजना के अनुसार महिला समूह को यह यंत्र उपलब्ध कराया जा रहा है। ताकि कृषि कार्यों में अब तक जो महिलाएं हाथों का उपयोग करती थीं, वे इन मशीनों का उपयोग कर बेहतर तरीके से खेती कर सकें। समूह की महिलाएं अपने-अपने खेती कार्य के लिए इन मशीनों का उपयोग कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि धनबाद जिले में ऐसी 10 महिला समूह को ट्रैक्टर और रोटावेटर भूमि संरक्षण विभाग की ओर से दिया जाना है। फिलहाल दो सेट दिया गया है। शेष आठ सेट ट्रैक्टर-रोटावेटर का वितरण जल्द किया जाएगा।

इस दौरान मौजूद जिला सहकारिता पदाधिकारी अफ्रेम जार्ज कुजूर ने कहा कि सहकारी समितियों के कार्यों में तेजी लाने और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप चीजें उपलब्ध कराने का एक प्रयास सरकार ने किया है। कृषि विभाग, सहकारिता विभाग और भूमि संरक्षण विभाग की संयुक्त प्रयास से यह कार्य हो रहा है।

मां काली सखी मंडल की सुमित्रा देवी, मालती देवी, विंदिया देवी और बजरंग बली सखी मंडल की कपुरा देवी, ज्योति देवी व तुलेश्वरी देवी ने ट्रैक्टर व रोटावेटर प्राप्त करने पर काफी प्रसन्नता जाहिर की। इन सभी ने एक स्वर में कहा कि अब उनका खेती का काम आसान हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी