झरिया में मदन लाल अग्रवाल ने 79 साल पहले रखी थी आरएसएस की नींव

जासं झरिया राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय झारखंड बिहार प्रांत के संघ प्रचारकों

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 07:34 PM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 07:34 PM (IST)
झरिया में मदन लाल अग्रवाल ने 79 साल पहले रखी थी आरएसएस की नींव
झरिया में मदन लाल अग्रवाल ने 79 साल पहले रखी थी आरएसएस की नींव

जासं, झरिया : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय झारखंड, बिहार प्रांत के संघ प्रचारकों की अहम बैठक 10 से 12 सितंबर तक राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर में हो रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डा मोहन भागवत तीन दिनों के प्रवास पर धनबाद में हैं। देश के गांव व बस्ती तक संघ के कार्य को पहुंचाने, शाखाएं बढ़ाने और 2025 में संघ के एक सौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर स्वयंसेवकों को एकजुट करना मकसद है।

70 साल पहले जब धनबाद मानभूम का हिस्सा हुआ करता था, उस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नींव कोयला नगरी झरिया में 1942 में पड़ी थी। झरिया के प्रसिद्ध समाजसेवी, शिक्षाप्रेमी और उद्योगपति मदन लाल अग्रवाल ने झरिया में समाज के कुछ लोगों के साथ मिलकर इसकी नींव रखी थी। इसके बाद 1942 में ही मदन लाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के भारत छोड़ो आंदोलन में भी भाग लिया। 1948 को आरएसएस पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद वे गिरफ्तार कर लिए गए। मानभूम पुरुलिया जेल में काफी समय तक रहे। वर्ष 1975 के आपातकाल में भी मदन लाल साढे तीन महीने तक भागलपुर जेल में रहे। इन पर डीआइआर लगाया गया था। मदन लाल ने आरएसएस के प्रांतीय स्तर के कई पदों का दायित्व भी संभाला।

..

स्वयंसेवकों का केंद्र बिदु था झरिया

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को मजबूत बनाने में मदनलाल अग्रवाला के अलावा झरिया के अनेक लोगों ने तन, मन, धन से मदद की। 40 वर्ष पूर्व इस संगठन में आए झरिया के 62 वर्षीय देवकीनंदन पांडेय कहते हैं कि संगठन को आगे बढ़ाने में बाबूलाल शर्मा, रामनरेश भगत, विजय कुमार लिल्हा, वीरेंद्र नारायण देव, रामदेव सिंह आदि ने अपना जीवन लगा दिया। देवकीनंदन भी झरिया नगर संघ चालक के कार्यवाह रहे हैं। कहा कि झरिया एक समय धनबाद जिला का केंद्र बिदु था। यहां के अधिकांश लोग अब धनबाद चले गए हैं।

...

झरिया में आरएसएस के सर संघचालक भी आए

झरिया निवासी लगभग 72 वर्षीय वरीय भाजपा नेता हरीश जोशी ने कहा कि झरिया में आरएसएस के कई बड़े कार्यक्रम हुए थे। अग्रवाल धर्मशाला में आरएसएस के सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर, बालासाहेब देवरस, के सीता रमैया सुदर्शन, राजेंद्र सिंह रज्जू भैया भी आ चुके हैं।

..

आरएसएस को घर-घर तक ले जाएंगे : प्रांत कार्यवाह

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ झारखंड राज्य के प्रांत कार्यवाह सिदरी निवासी संजय कुमार सिंह ने कहा कि संगठन के विस्तार को लेकर और 2025 में इसके शताब्दी वर्ष पूरा होने के अवसर पर अहम बैठक हो रही है। आगे के वर्षों में संगठन का विस्तार करते हुए इसे घर-घर तक ले जाएंगे। आरएसएस की नीति और कार्यों के बारे में लोगों को बताएंगे। यह संगठन हिदू धर्म की रक्षा और देश के विकास में काम कर रहा है। इसमें सबों की भागीदारी जरूरी है।

chat bot
आपका साथी