Dhanbad Weather Update: बिहार की ओर बढ़ा बंगाल की खाड़ी का लो प्रेशर, झारखंड का टला खतरा; जानें काैन सा चक्रवात बदल रहा माैसम

Dhanbad Weather Update बंगाल की खाड़ी का लो प्रेशर धनबाद समेत पूरे झारखंड में भारी बारिश कर रहा था। कई दिनों तक लगातार झमाझम बारिश हुई। इससे काफी जानमाल का नुकसान हुआ। लेकिन अब खतरा टल गया है। भारी बारिश की संभावना नहीं है।

By MritunjayEdited By: Publish:Sat, 02 Oct 2021 06:58 AM (IST) Updated:Sat, 02 Oct 2021 08:41 AM (IST)
Dhanbad Weather Update: बिहार की ओर बढ़ा बंगाल की खाड़ी का लो प्रेशर, झारखंड का टला खतरा; जानें काैन सा चक्रवात बदल रहा माैसम
झरिया में भूमिगत आग पर बारिश के पानी के बाद इलाका हुआ धुआं-धुआं ( फोटो जागरण)।

जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड में तीन दिनों तक भारी बारिश कराने के बाद बंगाल की खाड़ी का लो प्रेशर बिहार की ओर बढ़ गया है। शुक्रवार को मौसम साफ हो गया और धूप भी खिल गई। हालांकि दिन में कई बार घने बादल छाए और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। देर रात भी आसमान से फुहारें बरसी। शनिवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना जताई जा रही है। अब धनबाद समेत पूरे झारखंड में भारी बारिश का खतरा नहीं है। हां, 5 अक्टूबर तक कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी होगी।

मानसून खत्म, अभी जारी रहेगी गतिविधियां

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर अब बिहार की ओर बढ़ गया है। हालांकि इसके पश्चिम की ओर बढ़ने से एक बार फिर झारखंड में बारिश के आसार हैं। धनबाद में अगले तीन-चार दिनों के मौसम की बात करें तो 5 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना नहीं है। पर बीच-बीच में छिटपुट बारिश जारी रहेगी। मानसून भी खत्म हो गया है। माैसम विभाग 1 जून से 30 सिंतबर तक मानसून का समय मानता है। हालांकि इसके बाद भी मानसून की गतिविधियां जारी रहती है। इस बार 15 अक्टूबर तक बीच-बीच में हल्की बारिश होती रहेगी।

चक्रवात शाहीन के कारण बदल रहा माैसम

दूसरी ओर, मानसून के जानकार डॉ. एसपी यादव का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर के बादल उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ गए हैं। धनबाद का मौसम अब अरब सागर के चक्रवात शाहीन की वजह से बीच-बीच में बदल रहा है। शुक्रवार को दोपहर बाद धनबाद में चक्रवात शाहीन से टूटकर पहुंचे बादलों ने तेज बारिश की संभावना बढ़ा दी थी। पर कुछ ही देर में बादल कमजोर पड़ गए जिससे बारिश नहीं हुई। देर रात एक बार फिर चक्रवात के फीडर बादल धनबाद पहुंचे और हल्की बारिश कराया। हालांकि अरब सागर के चक्रवात से धनबाद और आसपास तेज बारिश की संभावना नहीं है।

रात में महसूस की जा रही सिहरन

कई दिनों से हो रही बारिश की वजह से तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री पर था और शुक्रवार को 30 डिग्री पर रहा। शनिवार को भी अधिकतम तापमान 30 - 31 डिग्री के आसपास ही रहने की संभावना जताई गई है। तापमान में गिरावट के कारण अब रात में सिहरन महसूस की जा रही है। 

chat bot
आपका साथी