Dhanbad Weather Alert: आज और कल सक्रिय रहेगा मानसून, जानें पूरे सितंबर माह में कैसा रहेगा माैसम

Dhanbad Weather Alert बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर का प्रभाव छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में है। लो प्रेशर वाले क्षेत्र में जा रहे मानसूनी बादल समय-समय पर धनबाद और आसपास में बारिश करा रहे हैं। आज भी हल्की बारिश के आसार हैं।

By MritunjayEdited By: Publish:Wed, 01 Sep 2021 06:58 AM (IST) Updated:Wed, 01 Sep 2021 07:08 AM (IST)
Dhanbad Weather Alert: आज और कल सक्रिय रहेगा मानसून, जानें पूरे सितंबर माह में कैसा रहेगा माैसम
धनबाद में आज और कल बारिश की संभावना ( फाइल फोटो)।

जागरण संवाददाता, धनबाद। अगस्त बीत गया और सितंबर आ गया। इस महीने के पहले दिन धनबाद और इसके आसपास के जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। दो को भी बारिश होगी। माैसम विभाग की संभावना के अनुसार इस महीने के पहले सप्ताह में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होती रहेगी। मंगलवार को धूप छांव के बीच दिन भर बादलों की आवाजाही होती रही। दोपहर बाद आसमान में काले बादल छाए और दिन में ही अंधेरा छा गया। कुछ देर के लिए फुहारें भी बरसीं। हालांकि आधे आधे घंटे के अंदर ही बारिश थम गई। हल्की बारिश से ही मौसम खुशनुमा हो गया। देर रात तक ठंडी हवा चलती रही।

कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग ने सितंबर महीने के पहले दिन राज्य के उत्तर पूर्वी जिलों में बादल गरजने के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में धनबाद के साथ-साथ जामताड़ा, देवघर, दुमका समेत संताल परगना के सभी जिले शामिल हैं। इन सभी जिलों में बुधवार को मेघ गर्जन के साथ बारिश का अनुमान है। इसके बाद 2 सितंबर को भी बारिश हो सकती है। हालांकि गुरुवार को राज्य के उत्तर पश्चिमी और मध्य भागों के कुछ स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है। तीन सितंबर को भी इन्हीं स्थानों में बारिश के आसार हैं। चार सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो सितंबर के पहले हफ्ते तक थम थम कर बारिश होती रहेगी। इस दौरान कुछ जगह पर मेघ गरजने की भी संभावना है।

लो प्रेशर से मिलने जा रहे बादल करा रहे धनबाद में बारिश

बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर का प्रभाव छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में है। लो प्रेशर वाले क्षेत्र में जा रहे मानसूनी बादल समय-समय पर धनबाद और आसपास में बारिश करा रहे हैं। दूसरी ओर, राजस्थान से ओडिशा तक बने बादलों की श्रृंखला भी बंगाल की खाड़ी की ओर जा रहे हैं। इसका असर भी दिख रहा है। 

36 डिग्री पर पहुंच गया है पारा पर बारिश दे रही गर्मी से राहत

मंगलवार को धनबाद का अधिकतम तापमान 36 डिग्री पर रहा। अगले कई दिनों तक तापमान में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि थम थम कर हो रही बारिश से तापमान बढ़ने के बाद भी गर्मी का एहसास नहीं हो रहा है। खास तौर पर शाम का मौसम खुशनुमा हो रहा है।

chat bot
आपका साथी