जनता मजदूर संघ को मान्यता मिलने से कुंती गुट में हर्ष; बच्चा गुट हाई कोर्ट में दायर करेगा याचिका Dhanbad News

कोयला उद्याेग के एक प्रमुख मजदूर संगठन जनता मजदूर संघ कुंती गुट को झारखंड सरकार से मान्यता मिलने के बाद इस संगठन के लोगों में हर्ष व्याप्त है। संयुक्त महामंत्री सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि डेढ़ दशक से मेरे सीने में जल रही आग अब बुझी है।

By Atul SinghEdited By: Publish:Wed, 21 Jul 2021 11:59 AM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 12:07 PM (IST)
जनता मजदूर संघ को मान्यता मिलने से कुंती गुट में हर्ष; बच्चा गुट हाई कोर्ट में दायर करेगा याचिका Dhanbad News
झरिया की पूर्व विधायक व मेरी मां कुंती देवी की जमसं ही असली है। (फाइल फोटो)

गोविन्द नाथ शर्मा, झरिया : कोयला उद्याेग के एक प्रमुख मजदूर संगठन जनता मजदूर संघ कुंती गुट को झारखंड सरकार से मान्यता मिलने के बाद इस संगठन के लोगों में हर्ष व्याप्त है। संयुक्त महामंत्री सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि डेढ़ दशक से मेरे सीने में जल रही आग अब बुझी है। जमसं के नाम का अब दुरूपयोग करने वाले को अब जेल भिजवाएंगे। झरिया की पूर्व विधायक व मेरी मां कुंती देवी की जमसं ही असली है। मां कुंती ही जमसं की महामंत्री है। झारखंड सरकार व निबंधन विभाग ने भी इस पर मुहर लगा दी है। वहीं दूसरी ओर झारखंड सरकार के निबंधन विभाग की ओर जमसं कुंती गुट को असली यूनियन होने का प्रमाण पत्र देने से जनता मजूदर संघ बच्चा गुट में मायूसी छा गई है।

पूर्व मंत्री बच्चा सिंह ने हाई कोर्ट जाने की दी चेतावनी 

जमसं बच्चा गुट के महामंत्री व राज्य के पूर्व मंत्री बच्चा सिंह ने मामले को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर करने की बात कही है। मोबाइल फोन पर बात करते हुए कहा कि मजदूर जिसे चाहेंगे। उसी का संगठन रहेगा। सरकार व निबंधन विभाग पर टीका-टिप्पणी करने से बचते हुए बच्चा सिंह ने कहा कि सक्षम न्यायालय में न्याय के लिए जाएंगे। अपनी यूनियन को लेकर हर तरह के दस्तावेज को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।

एचएमएस से जमसं बच्चा गुट को मिली है मान्यता 

पूर्व मंत्री व जमसं बच्चा गुट के महामंत्री बच्चा सिंह ने कहा कि वर्ष 2003 से ही इस मजदूर संगठन की बैठक हो रही है। बीसीसीएल के अलावा सीसीएल, बिलासपुर, नागपुर आदि क्षेत्रों में संगठन मजदूरों के हित में काम कर रहा है। एचएमएस से इस संगठन को मान्यता भी मिली है। हमें झारखंड का अध्यक्ष भी बनाया है। कोयला उद्योग के मजदूर जिसे चाहेंगे वही यूनियन रहेगा।

झरिया के तिलक भवन में हुई थी जमसं की स्थापना 

जनता मजदूर संघ की स्थापना झरिया के तिलक भवन में यहां के तत्कालीन बहुचर्चित विधायक सूर्यदेव सिंह ने 40 वर्ष पूर्व की थी। उस समय उनका परिवार साथ था। दो दशक पूर्व विधायक सूर्यदेव के निधन के बाद उनकी पत्नी कुंती देवी ने यूनियन की कमान संभाली। दूसरी ओर सूर्यदेव के अनुज बच्चा सिंह ने झरिया सीट से चुनाव जीतकर राज्य के मंत्री बने। वर्ष 2003 में जमसं बच्चा गुट का गठन किया। दोनों गुट कोयला मजदूरों की सेवा में जुट रहे।

बीसीसीएल के हर एरिया में हैं दोनों गुट के लोग

बीसीसीएल के झरिया, धनबाद के लगभग सभी एरिया में जमसं कुंती व बच्चा गुट के लोग मजदूरों के अधिकार को दिलाने में कोल अधिकारियों से मोर्चा लेता रहे हैं। कई बार दोनों गुट आमने-सामने भी हुए हैं। वर्तमान में भी दोनों गुट अपने आलाकमान के निर्देश पर कार्य कर रहे हैं। नि:संदेह सरकार के फैसले के बाद अब फिर दोनों गुट के लोग और आमने-सामने होंगे। खून-खराबा की स्थिति कायम होगी।

chat bot
आपका साथी