Jharia Water Crisis: विधायक बन पूर्णिमा नहीं कर पाईं कुछ खास, सीएम की भाभी ने पेयजल मंत्री को ट्वीट कर दिलाया ध्यान

जल संकट से परेशान झरिया के लोग अब दूसरों का मुंह देख रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी जामा की विधायक सीता सोरेन से जल संकट की समस्या दूर करवाने की मांग की गई। इसके बाद उन्होंने राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर को ट्वीट किया।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 11 Jan 2021 09:48 AM (IST) Updated:Mon, 11 Jan 2021 09:39 PM (IST)
Jharia Water Crisis: विधायक बन पूर्णिमा नहीं कर पाईं कुछ खास, सीएम की भाभी ने पेयजल मंत्री को ट्वीट कर दिलाया ध्यान
झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह और जामा की विधायक सीता सोरेन ( फाइल फोटो)।

धनबाद, जेएनएन। झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 के दाैरान झरिया विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी पूर्णिमा नीरज सिंह ने जल संकट क मुद्दा जोरशोर से उठाया था। विधायक बनने पर जल संकट दूर करने का भरोसा दिलाया था। इतना ही नहीं पूर्णिमा और उनके लोग चुनाव से पहले जल संकट वाले क्षेत्र में पानी बांटने के लिए टैंकर लेकर पहुंचते थे। इसका असर भी हुआ। जनता ने भरोसा करते हुए पूर्णिमा नीरज सिंह को अपना विधायक चुन लिया। झारखंड में झामुमो गठबंधन की सरकार बनी तो झरिया के लोगों की उम्मीद काफी बढ़ गई। अब जल संकट का समाधान होगा। क्योंकि झरिया की जनप्रतिनिधि सत्ताधारी गठबंधन में शामिल थीं। लेकिन, एक साल बीत जाने के बाद झरिया की विधायक जल संकट दूर करने के लिए कुछ खास नहीं कर पाई हैं।  

झारखंड की समस्याओं पर सीता सोरेन का ध्यान

जल संकट से परेशान झरिया के लोग अब दूसरों का मुंह देख रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी जामा की विधायक सीता सोरेन से जल संकट की समस्या दूर करवाने की मांग की गई। इसके बाद सोरेन ने समस्या के समाधान के लिए राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर को ट्वीट किया है। सीता सोरेन इन दिनों झारखंड के हर क्षेत्र की समस्याओं को उठाती हैं। झरिया में जल संकट को भी उन्होंने गंभीरता से लिया है। उन्होंने पेयजल मंत्री मिथिलेश ठाकुर और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ-साथ उपायुक्त धनबाद को भी ट्वीट कर इस समस्या के समाधान की बात कही है। अपने ट्विटर में सीता सोरेन ने पेयजल मंत्री को टैग करते हुए लिखा है कि धनबाद के वार्ड 38 के होरलाडीह में पानी की घोर किल्लत है। यहां चार हजार की आबादी में जलापूर्ति के लिए मात्र एक नल है। यहां पानी की बेहद किल्लत है। परिवार एवं बच्चों का जीवन पानी के इंतजाम में बर्बाद हो रहा है। कृपया उक्त मामले में संज्ञान लिया जाए।

मा.पेयजल मंत्री @MithileshJMM जी धनबाद के वार्ड 38 के होरलाडिह जहां 4000 आबादी में जल आपूर्ति हेतु मात्र 1 नल है यहां पानी की बेहद किल्लत है परिवार एवं बच्चों का जीवन पानी खोजते हुए इंतजाम में बर्बाद हो रहा है। कृपया उक्त मामले में संज्ञान लिया जाए।@HemantSorenJMM @dc_dhanbad https://t.co/sgCs5XRYRf" rel="nofollow— Sita Soren (@SitaSorenMLA) January 10, 2021

समस्या के समाधान के लिए शहबाद ने दिलाया था ध्यान

दरअसल झरिया के शहबाज़ सिद्दीकी नामक शख्स ने सीता सोरेन को ट्वीट किया था कि धनबाद नगर निगम वॉर्ड नंबर 38 होरलाडीह की चार हजार की आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है। बड़ी आबादी को पानी से वंचित होना पड़ रहा है। बच्चे दिनभर साइकिल से पानी ढोते रहते हैं। 

काम पर जाने की जगह कर रहे पानी का इंतजाम

लोग सुबह उठकर काम पर जाने की जगह घर में पानी के इंतजाम में लग जाते हैं। बहुत से ऐसे लोग हैं जो दूसरे दुकान और प्रतिष्ठान में काम कर अपने घर की जीविका चला रहे हैं, लेकिन पानी की समस्या के कारण काम पर ना जाकर घर में पानी भरने का काम कर रहे हैं। पानी भरने की यह समस्या सिर्फ कामगारों के लिए नहीं है, बल्कि व्यवसायी, बुजुर्ग, युवा व बच्चे सभी पेयजल की जटिल समस्या से जूझ रहे है। जिससे उनके घर की स्थिति और चरमरा रही है।

chat bot
आपका साथी