JAC 10th Result 2020: प्रशासनिक सेवा में जाकर लोगों की सेवा करना चाहता है स्टेट टॉपर मनीष, गणित में मिले सौ में सौ अंक

मनीष ने बताया कि अच्छा रिजल्ट आएगा इसकी उम्मीद तो थी लेकिन सूबे में पहले स्थान पर आएगा इसकी उम्मीद नहीं थी। उसने बताया कि वह पढ़ लिखकर प्रशासनिक सेवा में जाना चाहता है।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Wed, 08 Jul 2020 08:20 PM (IST) Updated:Wed, 08 Jul 2020 08:40 PM (IST)
JAC 10th Result 2020: प्रशासनिक सेवा में जाकर लोगों की सेवा करना चाहता है स्टेट टॉपर मनीष, गणित में मिले सौ में सौ अंक
JAC 10th Result 2020: प्रशासनिक सेवा में जाकर लोगों की सेवा करना चाहता है स्टेट टॉपर मनीष, गणित में मिले सौ में सौ अंक

साहिबगंज, [डॉ. प्रणेश]। साहिबगंज के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के दरलाघाट गांव के देवाशीष भारती उर्फ केदार महतो के बेटे मनीष कुमार कटियार ने मैट्रिक की परीक्षा में सूबे में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उसे गणित में सौ में सौ अंक मिले। देवाशीष व सुगिया देवी के तीन पुत्र-पुत्रियों में मनीष पहले स्थान पर है। दूसरे नंबर पर बेटी रेणु है जो गोड्डा में बिरसा मुंडा पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। तीसरे नंबर पर बेटा निलेश है। वह भी गोड्डा रजौनकलां के ज्ञान गंगा आवासीय विद्यालय में पढ़ता है।

देवाशीष स्वयं किसान हैं तथा आजसू से जुड़े हुए हैं। पत्नी सुगिया देवी गृहणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी न होने के बाद भी वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देते हैं। पहली कक्षा में ही मनीष का नामांकन गोड्डा के श्री राम कोचिंग संस्थान में कराया। वहां से उसने कक्षा छह तक की पढ़ाई की। इस दौरान वह अन्य स्कूलों में नामांकन के लिए कई प्रतियोगिता परीक्षाओं में शामिल हुआ। इसी बीच उसका चयन नेतरहाट में हो गया, जहां से उसने मैट्रिक की परीक्षा दी है।

परीक्षा समाप्त होने के बाद से व लॉकडाउन की वजह से वह इन दिनों घर पर ही रह रहा है। बुधवार को रिजल्ट आने पर उसे खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने बताया कि अच्छा रिजल्ट आएगा इसकी उम्मीद तो थी, लेकिन सूबे में पहले स्थान पर आएगा, इसकी उम्मीद नहीं थी। उसने बताया कि वह पढ़ लिखकर प्रशासनिक सेवा में जाना चाहता है। उसने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता- पिता व गुरुजनों को दिया।

मनीष के पिता ने बताया कि वह हर दिन 10 से 12 घंटा पढ़ता था। देवाशीष कहते हैं कि मनीष शुरू से ही मेधावी था। वह अच्छा तो करेगा, लेकिन स्टेट टॉपर होगा इसकी उन्हें भी उम्मीद नहीं थी। उसका साइंस पहले से ही काफी मजबूत है।

chat bot
आपका साथी