Jharkhand Police Work Culture: दुमका से अपहृत किशोरी का लोकेशन भिंड में, खोजने जाने के लिए पुलिस मांग रही पैसा

लड़की के पिता की शिकायत के बाद पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि किशोरी के गायब होने के तार मध्य प्रदेश के भिंड से जुड़े हुए हैं। इसलिए पुलिस को भिंड जाना होगा। पुलिस किशोरी के पिता से गाड़ी और ट्रेन का किराया मांग रही है।

By MritunjayEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 03:09 PM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 03:09 PM (IST)
Jharkhand Police Work Culture: दुमका से अपहृत किशोरी का लोकेशन भिंड में, खोजने जाने के लिए पुलिस मांग रही पैसा
शिकारी पाड़ा थाना की पुलिस ने झारखंड पुलिस की कार्यशैली उजागर की।

दुमका, जेएनएन। झारखंड पुलिस की कार्यशैली की एक बानगी दुमका में सामने आई है। गायब किशोरी को खोजने के लिए पुलिस भाड़ा मांग रही है। दरअसल, दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र से दस दिन से एक किशोरी गायब है। पुत्री को खोजने के लिए पिता उत्तम दास लगातार शिकारीपाड़ा थाना में जाकर गुहार लगा रहे हैं। पुलिस लड़की को खोजने के लिए भाड़ा मांग रही है। दिक्कत यह है कि दास आर्थिक रूप से समक्ष नहीं हैं। ऐसे में पुलिस ने कह दिया है-दो तीन महीने धैर्य रखें। लड़की खुल लाैट आएगी।

धैर्य रखें, लड़की खुद लाैट आएगी

लड़की के पिता की शिकायत के बाद पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि किशोरी के गायब होने के तार मध्य प्रदेश के भिंड से जुड़े हुए हैं। इसलिए पुलिस को भिंड जाना होगा। शिकारीपाड़ा थाना पुलिस किशोरी के पिता से गाड़ी और ट्रेन का किराया मांग रही है। रुपये देने में देर हुई तो पुलिस वालों ने स्वजन को समझाना शुरू कर दिया है कि दो-तीन महीने में खुद किशोरी लौट आएगी। धैर्य रखें।

चार जनवरी को अपरण की शिकायत दर्ज

उत्तम दास ने चार जनवरी को शिकारीपाड़ा थाना में बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। बताया कि तीन जनवरी को दोपहर डेढ़ बजे वह श्रृंगार का सामान खरीदने शिकारीपाड़ा बाजार गई थी। मोबाइल घर पर छोड़ दी थी। शाम तक नहीं आई तो स्वजन ने खोजना शुरू किया। नहीं मिली तो चार जनवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई। आशंका जताई कि शादी की नीयत से उसका अपहरण किया गया है। उत्तम दास ने पुलिस को बताया कि बेटी के मोबाइल पर दो फोन नंबर से कॉल आया था।

लड़की का लोकेशन मध्य प्रदेश के भिंड में

पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया तो पता चला कि किशोरी के मोबाइल पर भिंड से कॉल किया गया था। दोनों फोन नंबर का लोकेशन भिंड मिला है। पुलिस ने यह बात किशोरी के पिता को बताई। पिछले तीन-दिन से दोनों फोन नंबर बंद हैं। पुलिस को दोनों फोन नंबर चालू होने का इंतजार है ताकि उस आधार पर तकनीकी अनुसंधान को आगे बढ़ाया जा सके। उत्तम दास के मुताबिक, पुलिस को अपहर्ताओं के बारे में मोबाइल के जरिए कुछ सुराग मिले हैं। पुलिस भिंड जाने के लिए गाड़ी और टिकट के पैसे मांग रही है। उनका पूरा परिवार सदमे में हैं।

किशोरी की बरामदगी को लेकर पुलिस तत्परता से काम कर रही है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र ही सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे।

-अंबर लकड़ा, पुलिस अधीक्षक, दुमका

chat bot
आपका साथी