Madhupur Assembly By-Election 2021: पश्चिम बंगाल चुनाव के साथ हो सकता उपचुनाव, भाजपा ने शुरू की तैयारी

मधुपुर के विधायक और झारखंड के कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन के कारण उपचुनाव की नाैबत आन पड़ी है। इसे देख भाजपा के नेताओं ने मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता तेज कर दी है। संगठन मंत्री धर्मपाल ने दाैरा किया है।

By MritunjayEdited By: Publish:Wed, 13 Jan 2021 01:34 PM (IST) Updated:Wed, 13 Jan 2021 01:34 PM (IST)
Madhupur Assembly By-Election 2021: पश्चिम बंगाल चुनाव के साथ हो सकता उपचुनाव, भाजपा ने शुरू की तैयारी
झारखंड प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ( फाइल फोटो)।

मधुपुर, जेएनएन। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2021 के दाैरान झारखंड के मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो सकता है। इसे देख भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। मधुपुर के विधायक और झारखंड के कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन के कारण उपचुनाव की नाैबत आन पड़ी है। इसे देख भाजपा के नेताओं ने मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता तेज कर दी है। झारखंड प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने मधुपुर का दाैरा कर उपचुनाव में जुट जाने के लिए नेताओं-कार्यकर्ताओं को आह्वान किया है। 

उपचुनाव की चुनाैती स्वीकार

भाजपा झारखंड प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन ही सर्वोपरि है। कार्यकर्ता संगठन को इतना सशक्त और मजबूत बना दें की किसी भी चुनाव में चुनौती को जीत में तब्दील कर सकें। यह बातें वे मंगलवार को मधुपुर के मंगलम रिसोर्ट में मधुपुर विधानसभा में निवास करने वाले भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, कार्यसमिति सदस्य व पूर्व अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने सभी पार्टी पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए शक्ति केंद्रों, बूथ कमेटी को मजबूत बनाने के साथ-साथ बैठक करने की सलाह दी। उन्होंने मधुपुर के होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर संगठन को चट्टान की तरह मजबूत बनाने के लिए कई टिप्स दिए। 

आजसू हमारी सहयोगी पार्टी

प्रदेश भाजपा महामंत्री प्रदीप वर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि देवघर जिला कार्यसमिति के गठन की घोषणा के बाद पहली बार संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह का प्रवास हुआ है। इसी निमित्त नवनियुक्त कार्यसमिति के साथ बैठक की जा रही है। साथ ही आने वाले दिनों में प्रशिक्षण कार्यक्रम किया जाना है। संगठन का विस्तार हो रहा है। जिसके बाद संगठन विस्तार का काम आगे बढ़ेगा। मुख्य रूप से संगठन मंत्री का संगठनात्मक प्रवास है। मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के संबंध में उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसमें चुनाव हो या न हो, सालों भर संगठन के लिए कार्यक्रम चलता रहता है। चूंकि संगठन की रचना होती है चुनाव जीतने के लिए। इस लिहाज से मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी इस बैठक में चर्चा की गई। ताकि पार्टी को चुनाव में जीत मिल सके।

भाजपा-आजसू अब साथ-साथ

आजसू की दावेदारी पर उन्होंने कहा कि आजसू हमारी सहयोगी पार्टी है। पिछले लोकसभा चुनाव में हम साथ मिलकर लड़े। विधानसभा में किसी कारणवश हमलोग अलग-अलग चुनाव लड़े। जिससे दोनों ही दल को नुकसान उठाना पड़ा। आने वाले दिनों में निश्चित रूप से एनडीए का आजसू सहयोगी दल रहेगा। रही बात टिकट को लेकर तो यह निर्णय केंद्रीय नेतृत्व लेगी। केंद्रीय नेतृत्व जो भी निर्णय लेगी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकत्र्ता उस निर्णय के साथ खड़े रहेंगे। मौके पर पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश नारायण सिंह, देवघर विधायक सह जिला अध्यक्ष नारायण दास, पूर्व जिला अध्यक्ष नवल किशोर राय, पूर्व जिला अध्यक्ष दिवाकर गुप्ता, भाजपा जिला महामंत्री अधीर चंद्र भैया, मधुपुर प्रखंड अध्यक्ष अवध प्रसाद भैया, नगर अध्यक्ष गोपी बर्मन, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संजय यादव, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष मालती सिन्हा उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी