Jharkhand Congress: पार्टी की भद पिटवा रहे कार्यकारी अध्यक्ष के पिता, कृषि मंत्री बोले, मैं पैसा नहीं लेता-देता

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विधायक इरफान अंसारी के पिता पूर्व सांसद फुरकान अंसारी लगातार नेतृत्व के खिलाफ बयान दे रहे हैं। वह कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को भी नहीं बख्शते हैं। उनके बयानों से झारखंड प्रदेश कांग्रेस असहज है। उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

By MritunjayEdited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 02:59 PM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 06:36 PM (IST)
Jharkhand Congress: पार्टी की भद पिटवा रहे कार्यकारी अध्यक्ष के पिता, कृषि मंत्री बोले, मैं पैसा नहीं लेता-देता
फुरकान अंसारी, कषि मंत्री बादल पत्रलेख और विधायक इरफान अंसारी ( फाइल फोटो)।

दुमका, जेएनएन। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी के पिता पूर्व सांसद फुरकान अंसारी पार्टी के लिए गले की हड्डी बन गए। अंसारी आए दिन ऐसे-ऐसे बयान देते हैं जिससे कांग्रेस की भद पिटती है। उनका ताजा बयान तो न सिर्फ कांग्रेस बल्कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के लिए असहज करने वाली है। अंसारी ने कहा है कि हेमंत सरकार में शामिल कांग्रेस के चारों मंत्री पैसे वसूल झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह को पहुंचाते हैं। इस बयान से झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार की छवि तार-तार हुई है। आम जनता में यह संदेश गया है कि सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

फुरकान अंसारी का स्टैंड दुर्भाग्यपूर्ण 

अंसारी ने जिन चार मंत्रियों पर पैसा वसूल कांग्रेस के प्रभारी को देने का आरोप जड़ा है उनमें एक जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले बादल पत्रलेख भी हैं। पत्रलेख हेमंत सरकार में कृषि मंत्री हैं। उन्होंने गुरुवार को दुमका कांग्रेस भवन में दही-चूड़ा पार्टी की। इस माैके पर कहा कि कांग्रेस के नेता व पूर्व सांसद फुरकान अंसारी का स्टैंड दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अंसारी के बयान को बकवास करार दिया। कहा-मैं न तो किसी से पैसा लेता हूं और न ही देता हूं।  बादल ने कहा कि अगर अंसारी का कोई भी व्यक्तिगत ग्रिवांस था तो उसे पार्टी के फोरम पर रखना चाहिए था। कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार बेदाग व भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से चल रही है।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी को किया बचाव

फुरकान के बयानों पर झारखंड के प्रभारी आरपीएन सिंह का पक्ष लेते हुए बादल ने कहा कि उनके नेतृत्व में ही कांग्रेस को यहां नई ऊंचाई मिली है। वे पार्टी सोनिया गांधी और राहुल गांधी के द्वारा नियुक्त किए गए प्रभारी हैं। उनकी वजह से पार्टी संगठन मजबूत हुई है। राज्य में गठबंधन की सरकार चल रही है। फुरकान अंसारी के द्वारा उनके अलावा कांग्रेस के तीन अन्य मंत्रियों पर पैसा लेने और आरपीएन सिंह तक पहुंचाने के सवाल को बादल ने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह बातें बेबुनियाद है। चूंकि फुरकान अंसारी सीनियर और पार्टी में फ्रंटलाइन लीडर हैं इसलिए वे उनपर कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। कहा कि इन मामलों को झारखंड आ रहे प्रभारी आरपीएन सिंह सबके साथ खुद ही मिल बैठकर सुलझा लेंगे। इस मौके पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह, एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.सुशील मरांडी, युगल किशोर सिंह, महेशराम चंद्रवंशी, अरबी खातून, छवि बागची समेत कई कांग्रेसी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी