Jewar House Robbery Case: दहशत में धनबाद के सराफा व्यवसायी, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को दी चेतावनी

बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रभात सुरोलिया ने कहा कि शहर के बैंक मोड़ इलाके में घटना होना पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाता है। पुलिस को शहर में आने वाले अपराधियों पर लगाम लगाना होगा। आने वाले दिनों में पर्व त्यौहार का समय आ रहा है।

By MritunjayEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 08:41 PM (IST) Updated:Sun, 27 Sep 2020 09:40 PM (IST)
Jewar House Robbery Case: दहशत में धनबाद के सराफा व्यवसायी, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को दी चेतावनी
धनबाद के जेवर हाउस ज्वेलरी दुकान में डकैती के बाद निरीक्षण करते पुलिसकर्मी।

धनबाद, जेएनएन। शहर के मुख्य व्यावसायिक स्थल बैंक मोड़ स्थित जेवर हाउस होलसेल ज्वेलरी दुकान में 25 लाख की हुई डकैती के मामले में 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। शनिवार सुबह 10.30 बजे के करीब राजकमल मैंशन स्थित जेवर हाउस में 8-10 अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद भाग निकले। डैकतों ने दुकान मालिक त्रिपुरारी वर्णवाल का सिर पिस्टल के बट से मारकर फोड़ दिया था। घटना के बाद एसएसपी अमीम विक्रांत मिंज खुद पहुंचे और अपराधियों को तुरंत पकड़ने के लिए पुलिस-पदाधिकारियों को निर्देश दिया। पुलिस कोशिश कर रही है। लेकिन अपराधी पहुंच से दूर हैं। 

स्थानीय चैंबर और सराफा व्यवसासियों में काफी रोष : बैंक मोड़ के जेवर दुकान में दिन दहाड़े डकैती की घटना को लेकर स्थानीय चैंबर और सराफा व्यवसायियों में काफी रोष है। जिला सराफा संघ और जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष चेतन गोयनका ने कहा कि दिनदहाड़े घटी इस घटना ने बैंक मोड़ के व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है। इस इलाके में जेवरात की करीब 50 दुकानें हैं और ऐसी घटना से सभी की सुरक्षा पर प्रश्न चिन्ह लग गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सराफा संघ पुलिस को दो दिनों का समय दे रही है। यदि गिरफ्तारी नहीं होती है तो आंदोलन की रणनीति पर विचार किया जाएगा।

पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह: इधर बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रभात सुरोलिया ने कहा कि शहर के बैंक मोड़ इलाके में घटना होना पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाता है। पुलिस को शहर में आने वाले अपराधियों पर लगाम लगाना होगा। आने वाले दिनों में पर्व त्यौहार का समय आ रहा है। ऐसे में यदि सुरक्षा उपलब्ध नहीं होती तो व्यापार प्रभावित होगा। पुराना बाजार चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष सोहराब खान ने भी इस घटना को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द होनी चाहिए।

chat bot
आपका साथी