Weather Alert For Dhanbad: रथ यात्रा के दिन भी छाए रहेंगे बादल, प्रभु जगन्नाथ पर जल वर्षा कर सकते हैं वरूण देव

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश से बंगाल की खाड़ी तक बादलों की श्रृंखला बनी हुई है। इसके दायरे में उत्तर प्रदेश के साथ बिहार पश्चिम बंगाल और झारखंड भी है। पूर्वी हिस्से और बंगाल की खाड़ी व ओडिशा व पश्चिम बंगाल में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है।

By MritunjayEdited By: Publish:Thu, 08 Jul 2021 02:28 PM (IST) Updated:Thu, 08 Jul 2021 02:30 PM (IST)
Weather Alert For Dhanbad: रथ यात्रा के दिन भी छाए रहेंगे बादल, प्रभु जगन्नाथ पर जल वर्षा कर सकते हैं वरूण देव
धनबाद के आसमान में काले-काले बादलों का डेरा ( फाइल फोटो)।

जागरण संवाददाता, धनबाद। दो दिनों से थम-थम कर हो रही बारिश ने गर्मी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। कल तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री पर पहुंच गया था जो आज 32 पर पहुंच गया है। यानी तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट आ गई है। गुरुवार को भी सुबह से आसमान को बादलों ने घेर रखा था। अब घने बादल छाने के साथ फुहारें बरसने लगी हैं। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक पूरे राज्य में थम-थम कर बारिश के संकेत दिए हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा। 12 जुलाई को रथ यात्रा है और उस दिन भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश की भी संभावना है। यानी प्रभु जगन्नाथ पर वरूण देव जल वर्षा करा सकते हैं। 

यूपी से बंगाल तक बादलों की श्रृंखला

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश से बंगाल की खाड़ी तक बादलों की श्रृंखला बनी हुई है। इसके दायरे में उत्तर प्रदेश के साथ बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड भी है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से और बंगाल की खाड़ी व ओडिशा व पश्चिम बंगाल में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। झारखंड होकर गुजरने वाले बादलों से आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में बादलों की श्रृंखला बन रही है जो साइक्लोनिक सर्कुलेशन से प्रभावित होकर बारिश करा रहे हैं। अगले कई दिनों तक ऐसी परिस्थिति बने रहने के आसार हैं। 

धनबाद में अब तक 67 फीसद अधिक बारिश

धनबाद में बारिश का ग्राफ धीरे-धीरे लुढ़क रहा है। जून में जहां दो सौ फीसद से अधिक बारिश का रिकार्ड बना था, अब यह आंकड़ा 67 फीसद पर पहुंच गया है। एक जून से आठ जुलाई तक धनबाद में सामान्य बारिश 294.3 एमएम होनी चाहिए जो 490.3 एमएम पर है। धनबाद से सटे बोकारो, जामताड़ा, गिरिडीह और संताल परगना के जिलों में भी सामान्य से अधिक है। पर जुलाई में बारिश का ग्राफ अपेक्षाकृत कम ही है। सोमवार 12 जुलाई तक का संभावित तापमान गुरुवार अधिकतम 29 न्यूनतम 25 शुक्रवार अधिकतम 30 न्यूनतम 25 शनिवार अधिकतम 31 न्यूनतम 25 रविवार अधिकतम 31 न्यूनतम 25 सोमवार अधिकतम 31 न्यूनतम 25

chat bot
आपका साथी