INTUC: मध्यस्थ पर ही ददई ने उठा दिए सवाल, बोले-भरोसे के काबिल नहीं दिग्विजय सिंह

INTUC कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी को अपना नेता बताते हुए ददई दुबे ने कहा कि वे इस मामले में अब इन तीनों के अलावा किसी और की नहीं सुनेंगे। तीनों जो भी निर्णय लेंगे उन्हें मान्य होगा।

By MritunjayEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 09:49 AM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 09:49 AM (IST)
INTUC: मध्यस्थ पर ही ददई ने उठा दिए सवाल, बोले-भरोसे के काबिल नहीं दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह और ददई दुबे ( फाइल फोटो)।

जागरण संवाददाता, धनबाद। इंटक में गुटबाजी को सलटाने की कोशिश कर रहे कांग्रेस के महासचिव और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर इंटक के ददई गुट के चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे ने बड़ा हमला बोला है। दुबे ने सिंह को भरोसे के काबिल नहीं होने का हवाला देते हुए उनके प्रयासों को नाकाफी बताया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने मध्यस्थ बनाया है। दोनों को इंटक विवाद के निपटारे की जिम्मेवारी साैंपी है। लेकिन दुबे के दिग्विजय सिंह पर हमले के बाद तुंरत विवाद पर विराम के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं।

दिग्विजय सिंह अपनी बातों पर कायम नहीं रहते

धनबाद के पूर्व सांसद ददई दुबे ने यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह पर कतई भरोसा नहीं किया जा सकता। उनका पुर्व का इतिहास बताता है कि वे अपनी बातों पर कभी भी कायम नहीं रहे। ऐसे में उनपर विश्वास करने का तो सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि विवाद को सुलझाने के लिए पिछले दिनों 9 अगस्त को दिल्ली में राज्य सभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह ने दोनों गुटों से जुड़े पदाधिकारियों के साथ बातचीत की। इसके बाद दोनों गुटों के द्वारा प्रस्तुत किए गए कागजातों की जांच करने के बाद किसी भी गुट द्वारा बयानबाजी और कार्यक्रमों पर रोक लगा दी थी। लेकिन अपने ही दिए गए निर्देशों की अवहेलना करते हुए सिंह ने रेड्डी गुट द्वारा बुलाई गई कार्यसमिति की बैठक में शिरकत की। पिछले 20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित की गई इस बैठक में दिग्विजय बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए। ऐसे में कोई कैसे उनपर भरोसा कर सकता है कि वे निष्पक्ष और निर्विवाद फैसला देंगे।

दुबे को सिर्फ सोनिया, राहुल और प्रियंका पर भरोसा

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी को अपना नेता बताते हुए दुबे ने कहा कि वे इस मामले में अब इन तीनों के अलावा किसी और की नहीं सुनेंगे। उन्होंने बताया कि वह भी अपने नेतृत्व वाले गुट की बैठक शीघ्र ही रामगढ़ में आयोजित करने जा रहे हैं। जिसमें देश के कई शीर्ष नेता शामिल होंगे।

chat bot
आपका साथी