पेट की खातिर पांव उठा रहा परेशानी

सपन कांजीलाल कालूबथान कलियासोल प्रखंड क्षेत्र के नाड़ीपहाड़ी गांव में जन वितरण प्रणाली के

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 05:29 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 05:29 PM (IST)
पेट की खातिर पांव उठा रहा परेशानी
पेट की खातिर पांव उठा रहा परेशानी

सपन कांजीलाल, कालूबथान : कलियासोल प्रखंड क्षेत्र के नाड़ीपहाड़ी गांव में जन वितरण प्रणाली के दुकानदार सीताराम मांझी की दुकान से जुड़े लाभुक परेशान हैं। वजह है दुकान के पास ई पॉश मशीन में लिक नहीं पकड़ना। जबतक लिंक नहीं आएगा, मशीन काम नहीं करेगी और मशीन काम नहीं करेगी तो राशन भी नहीं मिलेगा। लिंक की वजह से एक सप्ताह से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही है।

सोमवार को दुकानदार को लिक कनेक्ट करने के लिए नाड़ी पहाड़ी से एक किलोमीटर दूर कुड़कुड़ी ओवरब्रिज पहुंचना पड़ा। वहां पर लिंक मिल रहा था। मजबूरन सभी लाभुक को वहीं अंगूठा लगाने के लिए पहुंचना पड़ा। लाभुकों ने परेशान होकर कहा भी कि पेट का सवाल नहीं होता तो पांव को इतना परेशान नहीं करते। वहीं लोगों का अंगूठा लगवा कर दुकान से राशन देना शुरू किया। हालांकि यह सुविधा भी अधिक देर तक नहीं चल सकी। पांच से सात उपभोक्ताओं का अंगूठा लगवाने के बाद मशीन की बैटरी बार-बार डाउन होने लगी। इसके कारण उपभोक्ताओं को इस उमस भरी गर्मी मे घंटों धूप में खड़ा होना पड़ रहा है। दुकानदार को नाड़ी पहाड़ी में दो दिन से ट्रांसफॉर्मर खराब रहने के कारण मशीन को चार्ज करने के लिए दूसरा गांव जाना पड़ रहा है। इससे काफी देर भी हो रही है। उपभोक्ता कल्याण बनर्जी, सुचित्रा राय, झरना दत्ता, हपना सोरेन, अम्वाई हांसदा, रॉबिन गोस्वामी, भरत सिंह ने बताया कि एक तो लॉकडाउन के कारण आर्थिक तंगी है। ऊपर से लगातार हो रही बारिश और एक सप्ताह से दुकान का चक्कर लगाते हुए हम परेशान हो गए हैं। घर में खाने के लिए अनाज का दाना तक समाप्त हो गया है। इस संबंध में एमओ सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि दुकानदार निरसा प्रखंड कार्यालय आकर मुलाकात करें, कोई समाधान निकालूंगा।

chat bot
आपका साथी