Dhanbad Weather Alert: मानसून की विदाई के बाद भी बरस रहे बदरा, अगले 24 घंटे तक झमाझम के आसार

Dhanbad Weather Alert धनबाद के साथ साथ जामताड़ा देवघर दुमका और संताल परगना के सभी जिले उत्तर पूर्वी हिस्से के अधीन है। इन जगह पर कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। राज्य के दूसरे शहरों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

By MritunjayEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 10:53 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 10:53 AM (IST)
Dhanbad Weather Alert: मानसून की विदाई के बाद भी बरस रहे बदरा, अगले 24 घंटे तक झमाझम के आसार
धनबाद के सिटी सेंटर-बरवाअड्डा रोड के ऊपर आसमान में छाए बदरा ( फोटो जागरण)।

जागरण संवाददाता,धनबाद। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर की वजह से झारखंड में अगले कई दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। धनबाद और आसपास 17 और 18 अक्टूबर को भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी भी जारी की है। इसका असर 16 की रात से ही दिखने लगा। आसमान में बड़े पैमाने पर बादलों के झुंड की आवाजाही होती रही। रविवार सुबह से इसका बड़ा असर धनबाद समेत राज्य के कई हिस्से में दिखने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 17 अक्टूबर को झारखंड के उत्तर पूर्वी हिस्से में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

धनबाद के साथ साथ जामताड़ा, देवघर, दुमका और संताल परगना के सभी जिले उत्तर पूर्वी हिस्से के अधीन है। इन जगह पर कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। राज्य के दूसरे शहरों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 18 अक्टूबर को भी राज्य में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने 20 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर का प्रभाव झारखंड में बने रहने की संभावना जताई है। भारी बारिश से निचले इलाकों में जल जमाव होने और इससे आवागमन बाधित होने की भी संभावना है। लगातार बारिश से बिजली आपूर्ति और जलापूर्ति व्यवस्था के भी प्रभावित होने के आसार हैं।

दूसरी ओर, बारिश की वजह से मौसम में बदलाव आने लगा है। उमस भरी गर्मी का खतरा कम हो गया है। 36 डिग्री तक पहुंचा अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच पहुंच गया है। रविवार से बारिश शुरू होने के बाद अधिकतम तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे गर्मी से राहत मिल जाएगी।

chat bot
आपका साथी