Weather Report: धनबाद, बोकारो, गोड्डा, दुमका और देवघर में गरज के साथ होगी बारिश, दहाड़ने लगा आसमान
बंगाल की खाड़ी में पिछले दिनों बने डिप्रेशन के कारण 3 दिनों तक धनबाद समेत राज्य के कई हिस्से में धूप नहीं खिली थी। रुक रुक कर बारिश भी हो रही थी। इसके बाद 2 दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहा। धूप छांव की स्थिति बनी रही।
जागरण संवाददाता, धनबाद: बंगाल की खाड़ी में पिछले दिनों बने डिप्रेशन के कारण 3 दिनों तक धनबाद समेत राज्य के कई हिस्से में धूप नहीं खिली थी। रुक रुक कर बारिश भी हो रही थी। इसके बाद 2 दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहा। धूप छांव की स्थिति बनी रही। अब शनिवार से मौसम ने एक बार फिर करवट ले लिया है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हैं। शहर के कुछ हिस्से में हल्की फुहारें भी बरसीं। दोपहर खत्म होते ही एक बार फिर काले बादलों ने आसमान को घेर लिया है। जोरदार बादल गरज रहे हैं।
मौसम विभाग ने धनबाद के साथ-साथ बोकारो, देवघर , दुमका और गोड्डा में भी अगले कुछ देर में तेज गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की मानें तो मानसूनी बादल राजस्थान से मध्य प्रदेश होकर झारखंड की ओर बढ़ रहे हैं। वहां से बंगाल की खाड़ी की ओर जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में लो प्रेशर का केंद्र बना हुआ है। उसी लो प्रेशर का प्रभाव अब धनबाद में पड़ने लगा है। लो प्रेशर के बादलों से धनबाद समेत राज्य के कई हिस्से में बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 12 घंटों में इसका ज्यादा असर ओडिशा के तटीय हिस्से में दिखने के आसार हैं।
मौसम बदलते ही गिरा धनबाद का पारा
मौसम बदलने के साथ ही धनबाद के तापमान में भी गिरावट आ गई है। 35 -36 डिग्री तक पहुंचा अधिकतम तापमान शनिवार को अधिकतम 33 डिग्री पर है। रविवार से इसमें और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग पर जारी आंकड़े के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 31 तो अगले हफ्ते 30 डिग्री तक रहने का अनुमान है। आंकड़ों से साफ है कि अगले हफ्ते उमस भरी गर्मी नहीं झेलनी होगी।
एक जून से अब तक 10% ज्यादा बारिश
धनबाद पर इस बार मानसून भी मेहरबान रहा है। एक जून से 18 सितंबर के दौरान धनबाद में 10 फीसद ज्यादा बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 1002.3 मिलीमीटर होनी चाहिए जो 1098.3 मिलीमीटर हो चुकी है।