Coronavirus Second Wave: बन्ना के प्रभार में धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल बेहाल, हर रोज माैत और हंगामा; कांग्रेसियों ने की विनती
Coronavirus Second Wave कांग्रेस जिला अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सीएम हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को टैग करते हुए ट्वीट करते हैं कि धनबाद के निजी अस्पतालों द्वारा मनमानी पैसे वसूले जा रहे हैं। उपायुक्त धनबाद से इस संबंध में कहा है कि कार्रवाई करें।
धनबाद, जेएनएन। कोविड की दूसरी लहर ने सब कुछ अस्त-व्यस्त कर के रख दिया है। अस्पताल में मरीजों को बेड नहीं मिल रहे है। कहीं ऑक्सीजन सिलेंडर की दिक्कत है और अगर कहीं सिलेंडर है भी तो रेगुलेटर ही नहीं मिल रहा है। धनबाद में कम से कम ऐसी स्थिति पैदा हो गई है। नतीजतन, धनबाद में हर रोज अस्पतालों में माैत और हंगामा हो रहा है। यह स्थिति तब है जब झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता धनबाद जिला के प्रभारी मंत्री हैं। बन्ना गुप्ता की पार्टी कांग्रेस के नेता भी धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था पर संतुष्ट नहीं हैं। जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने तो अस्पतालों पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ कांग्रेसी ऑक्सीजन सिलेंडर और रेगुलेटर के लिए स्वास्थ्य मंत्री से विनती कर रहे हैं।
आदरणीय मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी एवं स्वास्थ्य मंत्री @BannaGupta76 जी से मैं विनंती करता हूँ कि अत्यावश्यक तौर पर झारखंड में ऑक्सीजन रेगुलेटर की पूर्ति की जाए । हमारे पास ऑक्सीजन की मात्रा पर्याप्त है पर उसे जमा रखने के संसाधनों की भारी कमी है ।
धन्यवाद. @dc_dhanbad pic.twitter.com/jxtskYwTRy— Rashid Raza Ansari (@RashidRazaAnsa2) May 3, 2021
उपलब्ध संसाधन का भी सही तरीके से मॉनिटरिंग नहीं
धनबाद में जो भी संसाधन उपलब्ध है उसकी सही तरीके से मॉनिटरिंग नहीं हो पा रही है। सिलेंडर और रेगुलेटर की अनुपलब्धता धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। ऐसी परिस्थिति में कांग्रेसी भी अपनी सहयोगी सरकार से गुहार लगा रहे हैं। जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से विनती कर रहे हैं कि ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की जाए कम से कम रेगुलेटर ही उपलब्ध कराया जाए। धनबाद जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को टैग करते हुए ट्वीट किया है कि मुख्यमंत्री जी एवं स्वास्थ्य मंत्री जी से विनती करते हैं कि अत्यावश्यक तौर पर झारखंड में ऑक्सीजन रेगुलेटर की पूर्ति की जाए। हमारे पास ऑक्सीजन की मात्रा पर्याप्त है पर उसे जमा रखने के संसाधनों की भारी कमी है।
जिलाध्यक्ष कहते हैं अस्पताल कर रहे मनमानी
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सीएम हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को टैग करते हुए ट्वीट करते हैं कि धनबाद के निजी अस्पतालों द्वारा मनमानी पैसे वसूले जा रहे हैं। उपायुक्त धनबाद से इस संबंध में कहा है कि सभी को निर्देशित करें कि अपने नर्सिंग होम के बाहर में सूची जारी करें, जिसमें आईसीयू का हर दिन का खर्च लिखा हो।