Wedding Twist: निकाह से पहले भागा दूल्हा तो दुल्हन ने गम में जान देने को लगाई फांसी, प्राथमिकी दर्ज
दूल्हे के भागने के गम में लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। घरवालों ने किसी तरह उसकी जान बचा ली। सोमवार को यह मामला मधुपुर महिला थाने पहुंचा जिसमें लड़की के पिता ने दूल्हे के पिता पर दहेज का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मधुपुर, जेएनएन। निकाह की तैयारी पूरी हो चुकी थी। बरात भी पहुंच चुकी थी। इधर दूल्हा सेहरा पहन बैठा था तो उधर दुल्हन शादी के जोड़े में तैयार थी। इस बीच न जाने कहां से उम्र का विवाद विलेन बनकर आ गया। दूल्हा सेहरा उतार बरात से भाग निकला। इसकी खबर मिलते ही दुल्हन ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। संयोग से स्वजनों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। यह मामला अब मधुपुर महिला थाना के पास है। इस उलझे हुए रिश्ते को सुझलाने की चुनौती महिला थाना के समक्ष आन पड़ी है।
क्या है मामला
मधुपुर के पटवाबाद गांव में अपनी बरात लेकर विवाह के लिए आया एक युवक दुल्हन के घर पहुंचने से पहले ही रास्ते से भाग निकला। इस कारण दूल्हन के घर विवाह की तैयारियां धरी रह गई। विवाह रविवार दोपहर को होना था। दूसरी ओर दूल्हे के भागने के गम में लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। घरवालों ने किसी तरह उसकी जान बचा ली। सोमवार को यह मामला मधुपुर महिला थाने पहुंचा, जिसमें लड़की के पिता ने दूल्हे के पिता पर दहेज का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दूल्हे ने भी दी आत्महत्या की धमकी
लड़के के पिता ने भी अंजुमन कमेटी के सदर सचिव व महिला थाने में आवेदन देकर कहा है कि मेरे बेटे शहबाज की शादी लड़की के घरवालों ने तय की है। मेरा बेटा शादी नहीं करना चाहता है। कहता है कि जबरन शादी कराने से वह आत्महत्या कर लेगा। उसके बेटे की उम्र 21 साल है, जबकि लड़की की उम्र उससे अधिक है। पुलिस दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर घटना के संबंध में पूछताछ की। महिला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।