दुमका विशेष प्रमंडल से 1.42 करोड़ की हेराफेरी में पुलिस ने गोसाईंडीह बैंक कालोनी में दी दबिश

विशेष प्रमंडल दुमका से 1.42 करोड़ रुपए की हेराफेरी मामले में दुमका पुलिस ने गोविंदपुर में छापा मारा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 09:10 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 09:10 PM (IST)
दुमका विशेष प्रमंडल से 1.42 करोड़ की हेराफेरी में पुलिस ने गोसाईंडीह बैंक कालोनी में दी दबिश
दुमका विशेष प्रमंडल से 1.42 करोड़ की हेराफेरी में पुलिस ने गोसाईंडीह बैंक कालोनी में दी दबिश

संस, गोविदपुर : विशेष प्रमंडल दुमका से 1.42 करोड़ रुपए की हेराफेरी मामले में दुमका पुलिस ने शनिवार को गोविदपुर स्थित गोसाईंडीह बैंक कालोनी में दबिश दी। गोविदपुर थाना के एएसआइ विजय कुमार को लेकर दुमका थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार बैंक कालोनी पहुंचे और अरुण प्रसाद के यहां छापेमारी की। वह घर में नहीं मिला। अरुण प्रसाद बैंक आफ इंडिया के अवकाश प्राप्त प्रबंधक भोला प्रसाद का पुत्र है। पुलिस ने भोला प्रसाद से पूछताछ की। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र अरुण प्रसाद दो माह पूर्व ही दिल्ली काम के लिए गया हुआ है। दुमका थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि अरुण प्रसाद व उसके साले नवादा निवासी राजेश प्रसाद ने साइबर अपराध कर हेराफेरी की है। यह घटना 29 अक्टूबर 2021 की है। राजेश प्रसाद इस कांड का मुख्य आरोपित है। अरुण प्रसाद सहयोगी की भूमिका में है। दोनों साला-जीजा दिल्ली में रहते हैं। विशेष प्रमंडल में किए गए ठेका कार्य का भुगतान संबंधित कंपनी को करना था, लेकिन राजेश और अरुण ने साइबर क्राइम करते हुए सरकारी राशि को अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। फिर अपने खाते से राशि की निकासी भी कर ली। इस संबंध में विशेष प्रमंडल दुमका के कार्यपालक अभियंता ने दुमका थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। गोविदपुर थाना में भोला प्रसाद से घंटों पूछताछ की गई। उनके पुत्र व पुत्र के साला के बारे में जानकारी प्राप्त की। पुलिस भोला प्रसाद को दुमका ले गई है। वहां पुलिस उपाधीक्षक उनसे पूछताछ करेंगे।

chat bot
आपका साथी