Godda MLA Amit Mondal ने खुद पर हमले के पीछे बालू तस्करों का बताया हाथ, विरोधियों पर साधा निशाना

Godda MLA Amit Mondal अमित मंडल ने कहा कि चुनाव के वक्त भी उनकी गाड़ी को बालू ट्रैक्टर ने डायस किया था। उनके प्रतिद्वंद्वी चुनाव हारने के बाद से ही कहते फिर रहे थे कि गोड्डा में एक-दो साल में उपचुनाव होगा। विधायक ने कहा कि वे अब सजग हैं।

By MritunjayEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 12:36 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 05:59 PM (IST)
Godda MLA Amit Mondal ने खुद पर हमले के पीछे बालू तस्करों का बताया हाथ, विरोधियों पर साधा निशाना
घर पर समर्थकों से घिरे गोड्डा के जख्मी भाजपा विधायक अमित मंडल ( फोटो जागरण)।

जागरण संवाददाता, गोड्डा। गोड्डा विधायक अमित मंडल पर जानलेवा हमला की पुलिस जांच शुरू हो गई है। दो से तीन की संख्या में हमलावर थे। उनलोगों ने रेकी भी की थी। विधायक मंडल अपने भागलपुर स्थित आवास के निकट टहल रहे थे तभी यह घटना घटी। घटना के दूसरे दिन तिलकामांझी पुलिस स्टेशन की पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरु कर दी है। इधर जागरण से बातचीत में गोड्डा विधायक अमित मंडल ने कहा कि वे राजनीतिक विरोधियों के निशाने पर हैं। गोड्डा सहित उससे सटे बांका और भागलपुर में रेत माफियाओं ने नदियों को तबाह कर रखा है। पुलिस प्रशासन मूक दर्शक बना रहता है। बालू तस्करी का विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें भयभीत करने के लिए ऐसा हमला किया है। बुधवार की शाम की घटना के बाद सदर अस्पताल में विधायक का इलाज किया गया। गुरुवार को उनसे मिलने भाजपा कार्यकर्ता और बांका के विधायक राम नारायण मंडल भी पहुंचे और उनका कुशलक्षेम पूछा।

विरोधी उपचुनाव कराने की करते बात

विधायक अमित मंडल ने कहा कि चुनाव के वक्त भी उनकी गाड़ी को बालू ट्रैक्टर ने डायस किया था। वही उनके प्रतिद्वंद्वी चुनाव हारने के बाद ही कहते फिर रहे थे कि गोड्डा में एक दो साल में उपचुनाव होगा। विधायक ने कहा कि वे अब सजग है। कहा कि उनके विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब देने को क्षेत्र की जनता तैयार बैठी है। इधर घटना की जानकारी पर काफी संख्या में विधायक के समर्थक उनके आवास पर जुट गए हैं। हमले को लेकर सीसी कैमरे की फुटेज का अवलोकन कर पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना को लेकर विधायक के स्थानीय समर्थकों में काफी रोष देखा जा रहा हैं। इधर जानलेवा हमले को लेकर एसएसपी निताशा गुड़िया ने भी विधायक पर हमले को लेकर पूछताछ की है। दो-तीन की संख्या में हमलावरों ने पत्थरबाजी कर विधायक को जख्मी कर दिया था। ईंट-पत्थर से हमला करने वालों की गिरफ्तारी के लिए सिटी एएसपी के नेतृत्व में तिलकामांझी पुलिस छापेमारी कर रही है। विधायक पर हुए हमले के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल है। पुलिस आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

गोड्डा से दूसरी बार भाजपा के टिकट पर विधायक हैं अमित

बता दें कि अमित मंडल गोड्डा से लगातार दूसरी बार भाजपा के टिकट पर विधायक बने हैं। अमित मंडल के पिता रघुनंदन मंडल भी गोड्डा के विधायक थे। उनके आकस्मिक निधन के बाद अमित मंडल इंग्लैंड से नौकरी छोड़कर वापस आए और पहली बार उपचुनाव में जीत दर्ज की। अमित मंडल के दादा सुमरित मंडल भी गोड्डा विधानसभा से विधायक रह चुके हैं। गोड्डा के पथरगामा थाना क्षेत्र के कोरका में उनका पैतृक गांव है। भागलपुर के तिलकामांझी में भी आवास है। बुधवार को यहां उनपर जानलेवा हमला हुआ है। गत वर्ष 2020 में अमित मंडल का विवाह बांका जिले के अमरपुर की शिवानी कुमारी की हुआ है। इसकी चर्चा इंटरनेट मीडिया पर खूब हुई थी।

chat bot
आपका साथी